भोपाल। आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का जन्मदिन है। मध्य प्रदेश सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर अपना और शिवराज का एक पुराना फोटो पोस्ट किया है। मुख्यमंत्री ने फोटो के साथ लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। शिवराज सिंह ने मुख्यमंत्री के इस ट्वीट को रिट्वीट किया है।
मुख्यमंत्री द्वारा ट्वीट किया गया फोटो 2018 में ईद का है, जब वे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भोपाल में ईदगाह पर ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे थे। उस समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। प्रदेश में 2 दिन से जारी राजनीतिक उठापटक के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने 5 मार्च को भोपाल में शिवराज का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रखी थी। शिवराज के भोपाल स्थित निवास पर रक्तदान शिविर के अलावा कई धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाने थे। बुधवार देर रात उन्हें भाजपा हाईकमान के आदेश पर दिल्ली जाना पड़ा। कयास लगाए जा रहे थे कि शिवराज सुबह तक वापस आ जाएंगे। लेकिन, वे नहीं आए।
