भोपाल। मध्य प्रदेश में सियासी घमासान के चौथे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कवि हरिवंशराय बच्चन की कविता ‘अग्निपथ’ ट्वीट की है। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम पत्र जारी कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा- ‘मैं यह कभी कल्पना भी नहीं कर सकता था कि सत्ता की लोलुपता भाजपा के नेताओं को इस कदर नैतिक पतन की ओर ले जाएगी कि वे प्रदेश के नागरिकों के प्रजातंत्रीय निर्णय की ही सौदेबाजी करने लगेंगे।’ नाथ ने यह पत्र सुबह निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा से सीएम हाउस में मुलाकात के बाद ट्वीट की।
इससे पहले शुक्रवार को भी कमलनाथ ने कहा था कि मध्य प्रदेश के नेता बिकाऊ नहीं हैं और हम सिद्धांतों की राजनीति करते हैं। इससे पहले मैहर से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी भी सुबह कमलनाथ से मिलने पहुंचे थे। वहीं, 3 दिन से लापता अन्य 3 विधायक भी कमलनाथ के संपर्क में हैं। चर्चा है कि मुख्यमंत्री 4 दिन बाद अब डैमेज कंट्रोल में सफल रहे हैं।
कमलनाथ ने कविता ट्वीट करते हुए लिखा- ‘वृक्ष हों भले खड़े, हों घने हों बड़े, एक पत्र छाँह भी, माँग मत, माँग मत, माँग मत, अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ। तू न थकेगा कभी, तू न रुकेगा कभी, तू न मुड़ेगा कभी, कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ, अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ। यह महान दृश्य है, चल रहा मनुष्य है, अश्रु श्वेत रक्त से, लथपथ लथपथ लथपथ, अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ।’
कमलनाथ ने पत्र के माध्यम से जनता से पूछे सवाल?
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पत्र के माध्यम से जनता से सवाल किए। पूछा- ‘आज सचमुच भाजपा नेताओं के इस अशोभनीय आचरण ने मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास और वैभवशाली विरासत को कलंकित करने की कोशिश की है। मैं हतप्रभ हूँ कि भाजपा को आखिर इस कदाचरण की प्रेरणा मिली कहाँ से है? क्या ये लोग उन माफियाओं से प्रेरित हैं जिन्हें मैं जड़ से मिटा देना चाहता हूँ? क्या ये लोग उन मिलावटखोरों के प्रभाव में है जिनसे मैं प्रदेश को मुक्त करने का संकल्प ले चुका हूँ? क्या इन्होंने इस षड़यंत्र की कुचेष्टा उन रेत माफियाओं और वसूली माफियाओं के साथ मिलकर की है जिनके खिलाफ मैने लड़ाई का शंखनाद किया है और प्रदेश के राजस्व को पाँच गुना बढ़ा कर रेत माफियाओं की कमर तोड़ दी है?’
शेरा ने दिखाया विक्ट्री साइन
इधर, निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा बेंगलुरु से दिल्ली आए, वहां से भोपाल लौटे और सीधे सीएम कमलनाथ से मिलने सीएम हाउस पहुंचे। उनके साथ परिवार भी था। इसके बाद सीएम हाउस का एक फोटो सामने आया है, जिसमें वह परिवार के साथ खड़े हैं और विक्ट्री साइन दिखा रहे हैं। शेरा ने कमलनाथ पर पूरी निष्ठा जताई। कहा- बेंगलुरु में मुझे रोकने की कोशिश की गई, मेरी फ्लाइट मिस कराई गई। लेकिन अब सब ठीक है, मैं कांग्रेस के साथ हूं और मेरे क्षेत्र के विकास को लेकर सीएम से चर्चा हुई है।
