भोपाल। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ओरछा में 'नमस्ते ओरछा' महोत्सव में 6 से 8 मार्च के दौरान प्रतिभावान कलाकार गायन, वादन और कला प्रस्तुतियां मंच पर दिखाएंगे। इसके लिये देश के प्रख्यात कलाकार ओरछा आ रहे हैं। इस उत्सव को सफल बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए पिंक सिटी जयपुर की तर्ज पर मुख्य सड़क पर बने सभी मकान-दुकानों को क्रीम कलर से रंगा गया है। महोत्सव में पर्यटकों को ग्वालियर से ओरछा और ओरछा से ग्वालियर आने-जाने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
- महोत्सव के पहले दिन 6 मार्च को मिनी माथुर और जाने-माने गीतकार और गायक स्वानंद किरकिरे कार्यक्रम संयोजन का दायित्व निभाएंगे। इसके पश्चात संध्या ग्रुप और क्लिंटन सेजेरो म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति होगी। लोकगायक प्रहलाद टिपाणिया भी प्रस्तुति देंगे। अन्य कलाकारों में संतूर वादिका श्रुति अधिकारी, गायिका शिल्पा राव, राहुल राम और अमित किलाम की प्रस्तुतियां होंगी।
- महोत्सव के दूसरे दिन 7 मार्च को सांस्कृतिक संध्या में कंचन घाट पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर कार्यक्रम का संयोजन करेंगी। इस अवसर पर शास्त्रीय गायिका शुभा मुदगल, नृत्यांगना अदिति मंगल दास की प्रस्तुतियां होंगी। महाआरती में ओरछा के कलाकार हिस्सा लेंगे। इस शाम के संगीतमय कार्यक्रम में प्रथम प्रस्तुति मोनिका डोगरा म्यूजिक बैंड की होगी।
- दूसरी प्रस्तुति में दिल्ली का प्रमुख फ्यूजन बैंड, मृगया और अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फ्रांस के संगीतकार मनु चाओ कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। तीसरी संगीत प्रस्तुति में इंडियन ओशियन बैंड के कलाकार विभिन्न वाद् यंत्रों का उपयोग करते हुए इस शाम में नये रंग भरेंगे। इस प्रस्तुति में शुभा मुदगल और स्वानंद किरकिरे और इसी दिन प्रसिद्ध सितार वादिका सुश्री स्मिता नागदेव द्वारा भी कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
- महोत्सव के तीसरे दिन 8 मार्च को मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र के लोकगायक कालूराम बामनिया का लोकगायन प्रस्तुत होगा। महोत्सव में कला शिल्पी वाजिद खान और फैशन डिजायनर अनुपमा दयाल की कला के नमूने भी दिखाई देंगे। नमस्ते ओरछा में गायन, वादन, नृत्य, अभिनय और चित्रकला के लोकप्रिय कलाकारों के कार्यक्रम देखने का पर्यटकों और कला प्रेमियों को इंतजार है।
हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध
'नमस्ते ओरछा' महोत्सव में पर्यटकों को ग्वालियर से ओरछा और ओरछा से ग्वालियर आने-जाने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। पर्यटकों का समय बचाने के लिए पर्यटन विभाग ने निजी हेलिकॉप्टर सेवा प्रदाता कंपनी के साथ मिलकर पर्यटकों को यह सेवा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस सुविधा से महोत्सव में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक हेलिकॉप्टर 'जय राइड' का भी मजा ले सकेंगे। जय-राइड में पर्यटक आसमान से ऐतिहासिक ओरछा नगरी का दृश्य भी देख सकेंगे। जय राइड के राउंड की अवधि 5 मिनट की होगी। इसमें एक राउंड में अधिकतम 5 लोग सवार होंगे।
क्रीम सिटी में बदला ओरछा
‘नमस्ते ओरछा’ महोत्सव का उद्देश्य यहां पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके लिए पिंक सिटी जयपुर की तर्ज पर मुख्य सड़क पर बने सभी मकान-दुकानों को क्रीम कलर से रंगा गया है। मार्च अंत में इंदौर में होने वाले आईफा अवॉर्ड समारोह में भी ओरछा की धार्मिक और ऐतिहासिक छवि की वीडियो क्लिप दिखाई जाएगी। निवाड़ी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के अनुसार, शहर को प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए यहां ई-रिक्शा चलेंगे। खास बात यह है कि इन्हें महिलाएं ड्राइव करेंगी।
उत्सव में... बिजनेस मीट और किसान मेला भी
- 7 मार्च को बिजनेस मीट होगी, जिसे मुख्यमंत्री कमलनाथ संबोधित करेंगे। इसमें उद्योगपतियों के साथ बुंदेलखंड के टूर एंड ट्रेवल्स ऑपरेटर शामिल होंगे।
- किसानों के लिए विशेष मेला लगेगा। खेती-बाड़ी की जानकारियों के अलावा ड्रोन से दवा छिड़कने जैसे आधुनिक तरीके बताए जाएंगे।
- राजमहल परिसर में बुंदेली व्यंजन परोसे जाएंगे। इनमें कड़ी, दही बड़ा, चना पकौड़ी और हरे चने की बनी निगोंना की सब्जी खास रहेगी।
- देशी-विदेशी मेहमानों को ओरछा नगरी के प्राकृतिक वातावरण से रूबरू कराने के लिए नेचर वॉक, योग, हेरिटेज-साइकिलिंग, फोटोग्राफी वॉक के साथ ओरछा की ऐतिहासिक और नैसर्गिक खूबसूरती आसमान से दिखाने के लिए हॉट एयर बैलून से भी आसमान की सैर कराई जाएगी।
- महोत्सव के दौरान बड़े पैमाने पर ई- रिक्शा भी संचालित किए जाएंगे। महोत्सव से जुड़ी अधिक जानकारी एवं हेलिकप्टर सेवा की बुकिंग के लिए जानकारी वेबसाइट namasteorchha.in से प्राप्त की जा सकती है।
