वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोनावायरस मरीजों की संख्या रविवार दोपहर 12 लाख 14 हजार 913 हो गई।। 65 हजार 626 लोगों की मौत हो चुकी है। दो लाख 53 हजार मरीज अब तक स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका में 24 घंटे में एक हजार 224 लोगों की जान गई है। एपिसेंटर माने जा रहे न्यूयॉर्क में 24 घंटे में 630 लोगों की मौत हो चुकी है। स्पेन में शनिवार को कुल 674 संक्रमितों ने दम तोड़ा। ये संख्या अप्रैल महीने के चार दिनों में सबसे कम है। ब्रिटेन सरकार उन लोगों से बेहद परेशान है जो लॉकडाउन तोड़कर धूप का आनंद लेने के लिए पार्क या दूसरी सार्वजनिक जगहों पर जा रहे हैं। उधर, 58 हजार संक्रमितों और साढ़े तीन हजार मौतों के बावजूद ईरान प्रतिबंधों में ढील देने जा रहा है।
ईरान : बढ़ती मौतें और संक्रमण लेकिन सरकार कम करेगी बंदिशें
बढ़ते संक्रमण और मौतों के बीच ज्यादातर देश लॉकडाउन समेत कई पाबंदियां लगा रहे हैं। ईरान में 58 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। साढ़े तीन हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है। लेकिन, राष्ट्रपति हसन रूहानी पाबंदियां कम करने जा रहे हैं। रविवार को यहां 151 लोगों की मौत हुई। राष्ट्रपति ने प्रिटिंग हाउस, कपड़े और किताबों समेत कई कारोबार बंदिशों के दायरे से बाहर कर दिए। जिन सेवाओं को छूट दी गई है, वे 11 अप्रैल से पहले की तरह काम कर सकेंगी। तेहरान के व्यापारी इसका फायद नहीं उठा सकेंगे। हेल्थ डिपार्टमेंट के आदेशों का पालन करना जरूरी होगा। रूहानी ने माना कि हेल्थ और इंडस्ट्री के बीच इस फैसले को लेकर एकराय नहीं है।
स्पेन : राहत भरी खबर
यहां रविवार दोपहर तक 12 हजार 418 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को कुल 674 संक्रमितों ने दम तोड़ा। मार्च के बाद यह एक दिन में मौतों का सबसे कम आंकड़ा है। इटली के बाद सबसे ज्यादा लोग स्पेन में ही मारे गए हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेझ ने यूरोपियन यूनियन यानी ईयू को एक चेतावनी दी। कहा, “संघ के तौर पर ईयू को कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम साथ डूबेंगे। वक्त रहते सहयोग किया तो जो मुश्किलें आईं हैं, उनसे उबर सकते हैं।” सांचेझ के इस बयान के वाजिब वजह भी है। दरअसल, बीते दिनों स्पेन, इटली, पुर्तगाल और फ्रांस के बीच कई मुद्दों पर बयानबाजी हुई। इससे दुनिया में यह संकेत गया कि ईयू के देशों में एकता का अभाव है।
ब्रिटेन : लोगों के रवैये से सरकार परेशान
हेल्थ मिनिस्टर मैट हनूक ने रविवार को देश के कुछ लोगों द्वारा लॉकडाउन का पालन नहीं करने पर दुख जताया। सीएनएन से बातचीत में मैट ने कहा, “मैं हैरान और दुखी हैं कि कुछ लोग इन हालात में भी लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। पुलिस और हेल्थ वर्कर इतनी मेहनत कर रहे हैं और कुछ लोग घर में भी रहने को तैयार नहीं हैं। क्या हमारी राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी नहीं है। क्वीन एलिजाबेथ जल्द ही देश के लोगों को संबोधित करेंगी। मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी अपील रंग लाएगी।”
अमेरिका : भारत से अपने नागरिकों को निकालेगा
भारत में मौजूद अमेरिकी नागरिक जल्द ही लौट सकेंगे। यूएस मिशन ने रविवार को यह जानकारी दी। एक बयान में मिशन ने कहा, “हम इस हफ्ते भारत में मौजूद अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए अभियान चलाएंगे। जो लोग आना चाहते हैं, वो तैयार रहें।”
अमेरिका: ट्रम्प ने कहा- अगले दो हफ्ते मुश्किल
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगले दो हफ्तों देश के लिए बेहद मुश्किल भरे हैं। सैकड़ों लोगों की जान जा सकती है। इस मुश्किल घड़ी में हम बड़ी संख्या में सेना और चिकित्साकर्मियों को तैनात कर रहे हैं।
- ट्रम्प ने कहा- ईस्टर पर हम सोशल डिस्टेंसिंग में थोड़ी ढील देना चाहते हैं। विस्कॉन्सिन और नेब्रास्का के लिए आपदा घोषणाओं को मंजूरी दे दी गई है। ट्रम्प की यह 40वीं और 41वीं घोषणा है, जो उन्होंने कोरोनोवायरस से निपटने के लिए की है।
- कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसॉम ने शनिवार को कहा कि राज्य में एक लाख 26 हजार लोगों की जांच हो चुकी है। 12 हजार से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। दो हजार 300 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि 1,008 आईसीयू में भर्ती हैं।
- न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, जनवरी की शुरुआत से मार्च के आखिर तक करीब 4 लाख 30 हजार यात्री चीन से अमेरिका आए। तब तक निमोनिया जैसे लक्षण कुछ यात्रियों में सामने आने लगे थे। पिछले दो महीने में 40 हजार पैसेंजर्स चीन से सीधे अमेरिका आए। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने यात्रा संबंधी प्रतिबंध लगाए।
- अमेरिका में न्यूयॉर्क के बाद सबसे ज्यादा मौतें न्यूजर्सी में हुई हैं। यहां शनिवार को 200 लोगों की जान गई। राज्य में अब तक 846 लोग मारे जा चुके हैं।
- व्हाइट हाउस कार्यबल की सदस्य डेबोराह ब्रिक्स ने शनिवार को कहा कि अगले दो हफ्ते देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए मुझे लगता है कि लोगों को फार्मेसी और ग्रॉसरी की दुकानों में भी जाने से बचना चाहिए।