भोपाल। कोरोना वायरस के संक्रमण से नागरिकों को बचाने के उपाय किए जा रहे है वहीं मरीजों का ईलाज करने वालों की सुरक्षा के दृष्टिगत निगम आयुक्त विजय दत्ता ने नवाचार करते हुए रेल्वे कोच वर्कशाप निशातपुरा के वरिष्ठ इंजीनियरों से डिजाइन कराया गया मोबाइल मेडिकल इंसपेक्शन यूनिट ”चरक“ राजधानी के जयप्रकाश अस्पताल 1250 को भेंट किया। इस यूनिट को जे.पी. अस्पताल के कोविड-19 नियंत्रण टीम के लिए सेम्पल कलेक्शन सेंटर में स्थापित किया गया है।
मोबाइल मेडिकल इन्सपेक्शन यूनिट "चरक" का डिजाइन चिकित्सकों को संक्रमण से सुरक्षित रखने की सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। चरक के माध्यम से डॉक्टर एवं सेम्पल कलेक्शन स्टॉफ संभावित मरीजों के संपर्क में आए बिना सुरक्षित ढंग से इन्सपेक्शन एवं टेस्टिंग कर सकेंगे। रेल कारखाना के मुख्य प्रबंधक मनीष अग्रवाल, वरिष्ठ अभियंता सुनील टेलर एवं कुमार आशीष के मार्गदर्शन में इसका निर्माण कराया है। इसके निर्माण में वायरस बैरियर्स के मानकों के अनुरूप इसको डिजाइन किया गया है जो कोविड-19 के संक्रमण को रोकने में कारगर सिद्ध होगा।