Type Here to Get Search Results !

आईएएस पल्लवी जैन गोविल और जे विजय कुमार की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव, निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज


भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। राज्य के अब तक 26 जिले कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इसमें 70 फीसदी मरीज इंदौर और भोपाल में पाए गए हैं। भोपाल में दो आईएएस अधिकारियों पल्लवी जैन गोविल और जे विजय कुमार की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। भोपाल में सबसे ज्यादा संक्रमित होने वालों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में कल तक 94 स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित हो चुके थे। वहीं, 20 पुलिस विभाग और 20 जमाती शामिल हैं। जिस विभाग की जिम्मेदारी कोरोना रोकने की है, वहीं सबसे ज्यादा संक्रमित लोग पाए गए।  
कोरोना कैरियर की तरह काम किया 
3 अप्रैल को हेल्थ कॉर्पोरेशन के एमडी जे विजयकुमार की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। सर्दी-खांसी के लक्षण दिखने के बाद 31 मार्च से ही वह आइसोलेटेड रहे। वह 4 अप्रैल को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट हो गए। 4 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके साथ स्वास्थ्य के और भी दो अधिकारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के पहले पल्लवी जैन ने कई स्वास्थ्य की समीक्षा बैठकों में भाग लिया। ये माना जा रहा है कि पल्लवी जैन और जे विजयकुमार दोनों ही आईएएस, कोरोना कैरियर की तरह काम करते रहे और उनके संपर्क में आए स्वास्थ्य विभाग के दूसरे अफसर और कर्मचारी भी संक्रमित होते गए। इसके बाद भी आईएएस अफसर अस्पताल में भर्ती नहीं हो रहे थे, जब दबाव बनाया गया, तब दोनों अफसर घर से अस्पताल में भर्ती हुए। 
फिलहाल अस्पताल से नहीं मिलेगी छुट्टी 
सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग में कोरोना संक्रमण का शिकार पाए गए हेल्थ कार्पोरेशन के एमडी जे विजय कुमार और स्वास्थ्य विभाग​ की पूर्व प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल की 10 दिन के बाद दोबारा जांच कराई गई। दोनों अधिकारियों का शहर के निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। एम्स भोपाल से आई रिपोर्ट में दोनों की पॉजिटिव पाए गए हैं। दोबारा रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दोनों अधिकारियों को फिलहाल अस्पताल से छुट्टी नहीं मिलेगी। पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद ही दोनों अधिकारी अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकेंगे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.