Type Here to Get Search Results !

अब तक एक लाख आठ हजार मौतें: ब्रिटेन के पीएम जॉनसन को सातवें दिन अस्पताल से छुट्टी मिली; पोप फ्रांसिस ने कहा- महामारी से डरने की जरूरत नहीं


वॉशिंगटन। कोरोनावायरस से दुनियाभर में 17 लाख 83 हजार 948 लोग संक्रमित हैं। एक लाख आठ हजार 959 की मौत हो चुकी है। चार लाख चार हजार 939 संक्रमित अब स्वस्थ हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल से रविवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, महामारी से निपटने के लिए अमेरिकी सरकार ने पहली बार सभी 50 राज्यों में आपदा घोषित कर दी है। व्योमिंग अंतिम राज्य था, जिसे शनिवार को आपदा घोषणापत्र दिया गया। यहां कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई। अमेरिकी युद्ध पोत थियोडोर रूजवेल्ट (टीआर)  के 4,800 सदस्यों में 550 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 

ईस्टर के मौके पर रविवार को पोप फ्रांसिस ने कोरोनावायरस का भी जिक्र किया। कहा, “दुनिया को इस डर के आगे झुकने की जरूरत नहीं है। आज बहुत सारे ईसाई चर्च जाने के बजाए अपने घरों में ही प्रार्थना कर रहे हैं। कई चर्चों में होने वाली प्रार्थना को लोग यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकते हैं।”
ब्रिटेन : जॉनसन को छुट्टी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल से रविवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। उनके ऑफिस से जारी बयान में कहा गया, “प्रधानमंत्री की सेहत में सुधार जारी है। मेडिकल टीम ने उन्हें फौरन काम पर न लौटने की सलाह दी है। जॉनसन ने हॉस्पिटल के स्टाफ का शुक्रिया अदा किया है।” जॉनसन को 27 मार्च को पॉजिटिव पाया गया था। 10 दिन तक वो आईसोलेशन में रहे। सेहत में सुधार न होने के बाद उन्हें पिछले रविवार को लंदन के सबसे बड़े अस्पताल सेंट थॉमस रिसर्च सेंटर में एडमिट कराया गया था। शुक्रवार देर रात वो आईसीयू से वॉर्ड में शिफ्ट किए गए। 
अमेरिका: 24 घंटे में 1,920 लोगों की मौत
देश में मौतों का आंकड़ा 20 हजार 577 हो गया है। यह इटली (19 हजार 468) से ज्यादा है। अमेरिका में शुक्रवार को 30 हजार से ज्यादा नए केस मिले। अब तक कुल पांच लाख 32 हजार 879 लोग संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने बताया कि शनिवार को भारत से हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की खेप नेवार्क हवाई अड्डे पहुंच गई।