भोपाल। प्रदेश के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष तथा स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएँ पेन-पेपर मोड पर 29 जून से 31 जुलाई के मध्य आयोजित होंगी। इसके तहत 7 विश्वविद्यालयों में लगभग 4 लाख विद्यार्थी स्नातक अंतिम वर्ष तथा स्नातकोत्तर चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएँ देंगे।
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने बताया कि कुल 597 परीक्षा केन्द्रों पर स्नातक अंतिम वर्ष के लगभग 3 लाख 4 हजार 853 विद्यार्थी तथा स्नातकोत्तर चौथे सेमेस्टर के लगभग एक लाख विद्यार्थी आफलाइन परीक्षा में शामिल होंगे। राजन ने जानकारी देते हुए बताया कि रीवा विश्वविद्यालय को छोड़ कर शेष 6 विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर की 25 प्रतिशत परीक्षाएँ हो गई है। स्नातकोत्तर स्तर की परीक्षाएँ किसी भी विश्वविद्यालय में नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षाओं के संचालन में परीक्षा केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया जाना अनिवार्य होगा।
