भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल की वर्ष 2020 की स्थगित हायर सेकेण्डरी की शेष विषयों की परीक्षा एवं जिला परिवर्तन किये गये छात्रों के नवीन प्रवेश-पत्र माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा 4 जून को जारी कर दिये गये हैं, जिन्हें संबंधित संस्था या छात्र एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल से एवं मोबाइल एप के माध्यम से प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
लॉकडाउन अथवा अन्य कारणों से कुछ परीक्षार्थी अपने वर्तमान निवास स्थान से अन्य स्थानों पर विस्थापित हुए हैं। इन परिस्थितियों में परीक्षार्थी को वर्तमान में जिस जिले में निवासरत हैं, उन्हें उसी जिले से परीक्षा में शामिल होने की सुविधा प्रदान की गई है। ऐसे परीक्षार्थियों को भी प्रवेश-पत्र जारी किये गये हैं। वहीं कुछ विस्थापित छात्र उक्त सुविधा के लिये ऑनलाइन आवेदन करने के उपरांत अपने पूर्व जिले के परीक्षा केन्द्र से ही शामिल होना चाहते हैं। ऐसे छात्रों को परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होने की स्थिति में परीक्षा में शामिल कराते हुए स्थानांतरित जिले के शिक्षा अधिकारी को सूचित किया जायेगा।
