Type Here to Get Search Results !

प्रवासी श्रमिक परिवारों की गर्भवती माताओं एवं बच्चों को पोषण आहार, दवाईयाँ देने का अभियान


भोपाल। राज्य शासन द्वारा अन्य राज्यों से आए श्रमिकों को रोजगार देने के लिए जहाँ डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है, वहीं गर्भवती/धात्री माताओं और उनके छ: माह से छ: वर्ष तक के बच्चों का भी सर्वे कर पोषण आहार और दवाईयाँ बाँटने का कार्य शुरू किया गया है।

महिला-बाल विकास विभाग ने प्रदेश के सीमावर्ती जिलों मे लौटे गर्भवती, धात्री महिलाओं और उनके छ: माह से 6 वर्ष तक के बच्चों का सर्वे कर पोषण आहार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।विभाग द्वारा इन महिलाओं और बच्चों को पोषण आहार, आयरन और जिंक की गोलियाँ सहित अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध किया जा रहा है। विभिन्न जिलों में अब तक लगभग 37 हजार 763 गर्भवती, धात्री महिलाओं तथा छ: माह से छ: साल तक के एक लाख 41 हजार 581 बच्चों को पोषण आहार वितरित किया गया है।