भोपाल। राज्यपाल लाल जी टंडन ने राजभवन के न्यूज़ लेटर 'प्रवाह'' के नए अंक का आज अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि 'प्रवाह'' के आगामी अंक में राजभवन में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और कचरा प्रबंधन के कार्यों को संकलित किया जाये। इससे आमजन को इस आत्मनिर्भरता के मॉडल को अपनाने की प्रेरणा और प्रोत्साहन मिलेगा।
टंडन ने कहा कि राजभवन द्वारा कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और कचरा प्रबंधन में आत्मनिर्भरता प्राप्त की है। सब्जी, उद्यानिकी, पशुपालन और जैविक बजट खेती के द्वारा अधिक उत्पादन, कम लागत वाली रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक प्रभाव मुक्त उत्पादन पद्धति का व्यवहारिक रूप तैयार किया गया है। अब राजभवन की दुग्ध, सब्जी, खाद और कीटनाशक उत्पादों की सभी आवश्यकताओं की पूर्ति राजभवन के परिसर के उत्पादनों ही होने लगी है। इसी तरह ग्रामीण परिवार भी कृषि के साथ पशुपालन, जैविक खाद और कीटनाशकों का निर्माण करके आत्मनिर्भर हो सकते हैं। अपनी आय को दो गुने से अधिक कर सकते हैं। रासायनिक खाद और कीटनाशक भूमि और स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत हानिकारक होते हैं। इनका उपयोग बंद किया जाना चाहिए। राजभवन में कचरे का उपयोग कर कई तरह की जैविक खाद और कीटनाशक तैयार कर, उनका उपयोग खेती में हो रहा हैं। राजभवन में रासायनिक कीटनाशक और खाद का उपयोग प्रतिबंधित हो गया है।
