भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना से मृत्यु दर में गत एक सप्ताह में उल्लेखनीय गिरावट आयी है। इस दौरान 2053 पॉजीटिव प्रकरणों में 22 की मृत्यु हुई, जो 1.1 प्रतिशत है। प्रदेश में कोरोना के इलाज की सर्वोत्तम व्यवस्था सुनिश्चित कर प्रयास किए जा रहे है कि कोरोना का प्रत्येक मरीज स्वस्थ होकर घर जाए। अभी तक प्रदेश में 12 हजार 481 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
प्रदेश में कोरोना को जड़ से समाप्त करने के लिए चलाए जा रहे किल कोरोना अभियान के अंतर्गत अभी तक 66 प्रतिशत जनसंख्या का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। इस दौरान 55 हजार 799 सैम्पल लिए गए है, जिनमें से 655 पॉजीटिव आए हैं, पॉजिटिविटी रेट 1.17 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव गृह शिवनारायण मिश्रा, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य फैज अहमद किदवई उपस्थित थे।
