भोपाल। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने बताया कि जिले की सतवास तहसील के ग्राम अतवास में विगत दिवस रास्ते के विवाद के लिए में निराकरण के लिए गई राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम पर दर्जन भर लोगों ने हमला किया था। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के आवागमन के लिए रास्ते की समस्या का हल निकालने के लिए आवेदन सतवास तहसील न्यायालय में आया था, जिस पर न्यायालय में आपसी सहमति बनी तथा रास्ते को सुचारू बनाने का आदेश न्यायालय द्वारा दिया गया। मौके पर राजस्व व पुलिस टीम पहुंची, जो रास्ते की बाधा को हटाने का कार्य कर रही थी। इसी बीच अचानक रमजान खां चिल्लाकर अपनी पत्नी शाबरा बी को बाहर लाया तथा उसकी चुन्नी पर मिट्टी का तेल छिड़कते हुए शाबरा बी के मना करने के बावजूद रमजान ने आग लगा दी। पटवारी किशोर चावरे ने बचाने की कोशिश की। इस दौरान रमजान एवं अन्य परिजनों ने शासकीय टीम पर हमला कर दिया, जिससे पटवारी किशोर चावरे के कान में गंभीर चोट आई जिसका उपचार जारी है। बताया गया कि महिला 5 से 10 प्रतिशत झुलस गई थी, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। इसी के साथ पटवारी, राजस्व निरीक्षक तथा अन्य लोगों का भी उपचार जारी है। वर्तमान में ग्राम अतवास में स्थिति शांतिपूर्ण तथा नियंत्रण में है।
कलेक्टर शुक्ला ने बताया कि पटवारी किशोर चावरे के आवेदन पर पुलिस थाने में आरोपियों के विरूद्ध शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा सहित अन्य मामले दर्ज कर लिए गए हैं। इस मामले में सभी आरोपियों पर थाना सतवास में भादवि की धारा 147, 353, 332, 294, 506 के तहत एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
