भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की भावी रणनीति 'लॉकडाउन माइनस' होना चाहिए। अर्थात ऐसी रणनीति बनाई जाए जिसमें बिना लॉक डाउन किए कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। हमें प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गतिमान भी करना है। इसके लिए पूरी तरह जनता को कोविड-19 के संबंध में जागरूक करना होगा तथा सर्वोत्तम उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। प्रदेश में जनता की स्वास्थ्य रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे। वित्तीय संकट के चलते दूसरे मदों में बजट की कुछ कमी की जा सकती है परंतु कोरोना से बचाव एवं उपचार में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान चिरायु अस्पताल से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर रहे थे। वीसी में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान तथा सभी संबंधित उपस्थित थे।
समीक्षा में पाया गया कि प्रदेश में भोपाल में सर्वाधिक 199 नए कोरोना संक्रमित पाए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। हमीदिया अस्पताल में मृत्यु दर अधिक होने को मुख्यमंत्री ने अत्यंत गंभीरता से लिया तथा वहां सर्वोत्तम उपचार की व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश डीन मेडिकल कॉलेज को दिए। बड़वानी जिले की समीक्षा में भी वहां 101 नए कोरोना संक्रमित मिलने पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को विशेष सावधानी एवं सतर्कता बरतते हुए जिले में लॉक डाउन का कड़ाई से पालन कराए जाने के निर्देश दिए।
