Type Here to Get Search Results !

पहला धर्म जनता की सेवा, फसल बीमा व आरबीसी 6-4 का दिया जाएगा लाभ


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को हरदा जिले के बाढ़ प्रभावित तहसील हंडिया का दौरा किया। मुख्यमंत्री चौहान बाढ़ प्रभावितों से मिले, उनका हालचाल जाना। उन्होने हंडिया में बाढ़ प्रभावितों को संबोधित करते हुए कहा कि इस भीषण बाढ़ आपदा के संकट में प्रदेश सरकार आपके साथ है। चिन्ता न करें, हर संभव सहायता मुहैया कराई जायेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बाढ़ ग्रसित क्षेत्रों में फसल, मकान, सामान हर क्षति का पूरा आंकलन कर शीघ्र राहत पहुँचाई जाएगी। आरबीसी 6-4 व फसल बीमा दोनों का लाभ प्रभावितों को मिलेगा। प्रभावितों की जिंदगी पुन: पटरी पर लाई जायेगी। सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद होगी। मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, सहितकमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, पूरी प्रशासनिक टीम जनता की सहायता के लिये लगातर सतर्क रहेगी, ताकि बेहतर व्यवस्थाएं बनाई जा सके।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही कोरोना संकट की चुनौतियों से निपटने के लिये पूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की एवं संसाधन उपलब्ध कराए। बाढ़ आपदा के इस संकट से भी जनता को शीघ्र पार निकालेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 28-29 को हुई भारी बारिश , बरगी, तवा, बारना बांधों के ओवरफ्लो होने से तथा लगातार पानी छोड़े जाने से बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारा पहला धर्म जनता की सेवा है। जब जनता संकट में हो तो शिवराज घर पर नहीं बैठ सकता। ऐसे संकट में हमने कंट्रोल रूम बनाकर मुख्य सचिव, डीजीपी के साथ चौबीस घंटे बिना सोये लगातार निगरानी बनाये रखी। कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी को भी निर्देशित किया कि वे भी बिना सोये राहत एवं बचाव कार्य का मोर्चा संभाले। भीषण बाढ़ आपदा के संकट में लगातार फोन आ रहे थे ''मामा हमें बचा लो'', लोग बाढ़ में फंसे हुए थे। हमने प्रधानमंत्री जी, रक्षामंत्री, सेना प्रमुखों से बातचीत की और तुरन्त भारतीय वायु सेना और थल सेना का सहयोग प्राप्त हुआ। सेना के जवानों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड सहित पूरी प्रशासनिक टीम, स्वयं सेवी कार्यकर्ता ने दिन रात मेहनत करके एक-एक जान की रक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरफोर्स की टीम द्वारा बाढ़ में फंसे तीन सौ लोगों को एयरलिफ्ट के माध्यम से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने हंडिया तहसील में बाढ़ में फंसे हुए लोगों को बचाने में युवकों, स्वयं सेवी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों द्वारा किये गये प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि संतोष इस बात का है कि हम जन हानि को रोकने में सफल हुए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.