नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने 3 वनडे की सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया को 66 रन से हरा दिया। भारतीय टीम 289 दिन बाद कोरोना के बीच अपना पहला वनडे खेलने उतरी थी। इससे पहले टीम इंडिया ने 11 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउनगुई में वनडे खेला था, जिसमें उसे 5 विकेट से हार मिली थी। भारत की यह लगातार चौथी हार है। इससे पहले टीम इंडिया फरवरी में न्यूजीलैंड में 3 वनडे मैच की सीरीज के सभी मैच हार गई थी।
वहीं, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खराब फॉर्म जारी है। उन्होंने अब तक इस मैदान पर खेले 6 मैच में 57 रन बनाए हैं। मौजूदा मैच में उन्होंने 21 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने 5 मैच में 21 रन, 3, 1, 8 और 3 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 375 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में भारतीय टीम 8 विकेट गंवाकर 308 रन ही बना सकी। हार्दिक पंड्या ने सबसे ज्यादा 90 और शिखर धवन ने 74 रन की पारी खेली। यह धवन की वनडे में 30वीं और पंड्या की 5वीं फिफ्टी रही।
