सिडनी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेला गया तीसरा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने 407 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 5 विकेट खोकर 334 रन बनाए। यह मैच भले ही ड्रॉ पर समाप्त हुआ हो, लेकिन चोट से जूझ रही टीम इंडिया के लिए यह कोई जीत से कम नहीं है।
इस टेस्ट में भारत के 4 खिलाड़ी चोटिल थे- ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, हनुमा विहारी और रविचंद्रन अश्विन। इसके बावजूद टीम ने लड़कर मैच ड्रॉ कराया। साथ ही यही चोटिल खिलाड़ी मैच के हीरो भी बने। जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 4 विकेट चटकाए थे। साथ ही पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान 37 बॉल पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे थे। मोहम्मद शमी, उमेश यादव और लोकेश राहुल पहले ही इंजर्ड हैं। इस लिस्ट में पंत, जडेजा, विहारी और अश्विन भी शामिल हो गए हैं। रेगुलर कप्तान विराट कोहली पैटरनिटी लीव पर भारत लौट चुके हैं। रोहित शर्मा तीसरे टेस्ट में टीम से जुड़े हैं। वे भी इंजर्ड थे। इशांत शर्मा भी चोट की वजह से ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर हुए।
