Type Here to Get Search Results !

यह संकल्प है - हम देश के लिए जिएंगे - मुख्यमंत्री चौहान



भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं का आव्हान करते हुए कहा कि आइये संकल्प लें कि हम देश के लिए जिएंगे। भारत माता की गरिमा, सम्मान, वैभव और जिन जीवन मूल्यों के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों की आहूति दे दी उन्हें चरितार्थ करने, सभी देशवासियों के लिए अवसरों की समानता सुनिश्चित करने और प्रगति तथा विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए हरसंभव परिश्रम करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आजादी के अमृत महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर शौर्य स्मारक भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से युवा पीढ़ी को परिचित कराने के लिए प्रतिवर्ष प्रदेश के कुछ चिन्हित विद्यार्थियों को शहीदों के तीर्थ स्थल अंडमान-निकोबार की यात्रा पर भेजा जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी में देश प्रेम, समर्पण और बलिदान की भावना बलवती होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह प्रयास होगा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में एन.सी.सी. और एन.एस.एस. आरंभ हों।

कार्यक्रम में खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री वी.डी. शर्मा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा, फिल्म निर्माता तथा निर्देशक श्री प्रकाश झा, प्रमुख सचिव संस्कृति तथा जनसंपर्क श्री शिवशेखर शुक्ला और बड़ी संख्या एन.सी.सी तथा एन.एस.एस. के विद्यार्थी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.