Type Here to Get Search Results !

ऐसी रणनीति बनाएँ कि कहीं भी संक्रमण बढ़े नहीं, अनलॉक प्रक्रिया में पाँच बातों का पूरा ध्यान रखें

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के न्यूनतम संक्रमण वाले पाँच ज़िलों बुरहानपुर, खंडवा, झाबुआ, अलीराजपुर तथा भिंड में आंशिक अनलॉक किया गया है। बाकी जिलों में भी चरणबद्ध तरीके से अनलॉक की प्रक्रिया आगामी एक जून से प्रारंभ होगी। हमें इस बात का पूरा ध्यान रखना है कि कहीं भी संक्रमण बढ़े नहीं तथा उस अनुरूप अपनी रणनीति बनानी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि 'अनलॉक' प्रक्रिया में पाँच बातों का पूरा ध्यान रखें। शत-प्रतिशत व्यक्ति मास्क लगायें। अधिक से अधिक टेस्ट कराये जायें। किल-कोरोना अभियान जारी रहे तथा सर्दी, खाँसी, बुखार के हर मरीज की पहचान कर तुरंत उपचार कराया जाये। कोरोना की लड़ाई जन-भागीदारी से लड़ी जाये एवं स्थानीय क्राइसिस मैनेजमेंट समूह अपने ग्राम, कस्बे, शहर के संबंध में निर्णय लें। हर व्यक्ति अनिवार्य रूप से कोरोना अनुरूप व्यवहार करे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति  एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान और स्वास्थ्य आयुक्त श्री आकाश त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।

प्रदेश में कोरोना के 2422 नए प्रकरण आये हैं। गत 24 घंटों में 7373 मरीज स्वस्थ हुए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 48 हजार 634 है। प्रदेश में सात दिनों का पॉजिटिविटी रेट 5% तथा आज का पॉजिटिविटी रेट 3.4% है।

प्रदेश के तीन जिलों में ही अब 100 से अधिक नए कोरोना प्रकरण हैं। इंदौर में 648, भोपाल में 529 तथा ग्वालियर में 115 नए प्रकरण हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर तथा भोपाल में अभी भी इतने प्रकरण आने के कारणों की विस्तृत समीक्षा करने तथा उसके अनुसार  संक्रमण समाप्ति के कार्य मुस्तैदी से करने के निर्देश दिये। जबलपुर में भीड़ जुटने के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहीं भी ऐसी पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।