भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम के गान के साथ आरंभ हुई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रि-परिषद की बैठक के पूर्व अपने संबोधन में कहा कि मंत्रि-परिषद के सभी साथियों, प्रदेश की जनता, सभी क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी, जन-प्रतिनिधियों के अथक प्रयासों, निरंतर सहयोग और कड़ी मेहनत से कोरोना संक्रमण नियंत्रण में आया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इन समन्वित प्रयासों के लिए सभी का आभार माना।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना के प्रकरण लगातार कम होते जा रहे हैं। मध्यप्रदेश कोरोना को नियंत्रित करने की स्थिति में आता जा रहा है। आज 2 हजार 422 पॉजिटिव केस आए जबकि स्वस्थ हुए व्यक्तियों की संख्या 7 हजार 373 है। स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है। रिकवरी रेट 92.68 प्रतिशत हो गया है। कल 15 जिलों आगर-मालवा, भिण्ड, अशोकनगर, अलीराजपुर, खण्डवा, बड़वानी, बुरहानपुर, मण्डला, झाबुआ, नरसिंहपुर, सिंगरौली, निवाड़ी, डिण्डौरी, शाजापुर, टीकमगढ़ में कोरोना के प्रकरण 10 से कम आए हैं। भिंड और आगर मालवा में तो मात्र एक-एक केस आया है। जिला प्रशासन और क्राइसिस मैनेजमेंट समितियाँ लगातार इसी प्रकार कार्य करती रही तो 31 मई तक संपूर्ण प्रदेश में कोरोना के प्रकरण शून्य हो जाएंगे। प्रदेश के 34 जिलों का पॉजिटिविटी रेट भी 5 प्रतिशत या उससे कम रहा है। यह बड़ी उपलब्धि है।
