भोपाल। भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (BJP MP Jyotiraditya Scindia) इस समय मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं. इस वजह से बुधवार का दिन सूबे में सियासी मुलाकातों के नाम रहा. बता दें कि लंबे वक्त के बाद भोपाल दौरे पर आए ‘महाराज’ न केवल संगठन के पदाधिकारियों से मिले बल्कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) से मुलाकात करने सीएम हाउस भी गए. इसके बाद शाम को उनकी मुलाकात संघ (RSS) कार्यालय समिधा में संघ के मध्य क्षेत्र के प्रचारक दीपक विसपुते से भी हुई।
ज्योतिरादित्य सिंधिया की एक दिन में एक साथ संगठन, सरकार और संघ के पदाधिकारियों से हुई इस मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश में सियासी पारा पर चढ़ गया है.अटकलें लगाई जा रही हैं कि आखिरकार इन सियासी मुलाकातों के मायने क्या है? हालांकि जानकार मान रहे हैं कि प्रदेश कार्यसमिति के ऐलान के बाद इन मुलाकातों के सीधे तौर पर मायने कहीं ना कहीं निगम मंडलों में होने वाली नियुक्तियां हो सकती हैं. वजह जो भी हो लेकिन दिन भर चली मुलाकातों पर सिंधिया से लेकर बीजेपी के नेताओं तक ने एक सुर में एक ही जवाब दिया कि बीजेपी एक परिवार है और परिवार के सदस्यों में मुलाकातों के दौर चलते रहते हैं।
भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल दौरे के दौरान लंच से लेकर डिनर डिप्लोमेसी तक देखने को मिली. वह दोपहर करीब 1 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के चार इमली स्थित बंगले पहुंचे. वहां पर बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन मंत्री हितनन्द शर्मा पहले से मौजूद थे।
