सिरोंज। सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य से लेकर मप्र शासन के अनेक विभागांें के मंत्री रहते हुए लक्ष्मीकांत जी जिस प्रकार बेबाक तरीके से अपनी बात रखते थे। वो अद्भुत था। प्रदेश की सेवा में उनका सर्वस्त्र समर्पित था। मंत्री के रूप में हर विभाग में नवाचार और जनता को शासन की योजना का अधिकाधिक लाभ कैसे मिले ये उनकी चिंता रहती थी। संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश की संस्कृति के प्रसार के लिए अनुकरणीय कार्य किए। शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने महाविद्यालयीन एवं शिक्षा व्यवस्था को सुधारने हेतु अभूतपूर्व कार्य किए। रविवार को सिरोंज में गणेश की अथाई स्थित पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के निवास पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ये बात कही। यहां वे करीब 1 घंटे तक रूके और पूर्व मंत्री के अनुज विधायक उमाकांत शर्मा और पूर्व मंत्री की बेटियों से भी चर्चा कर उन्हें सांत्वना प्रदान की। उन्होंने कहा कि वे हमेशा कार्यकर्ता भाव से काम करते थे। कार्यकर्ता की चिंता करने वाला एक बहुत अच्छा भाजपा का नेता हमने खोया है। कभी-कभी उनके व्यक्तित्व के बारे में उनकी बाते होती हैं तो मन को पीड़ा भी होती है। उनका जाना एक रिक्तता उत्पन्न कर गया है।
उनकी स्मृति सदैव हमारे मन में रहेंगी। ओ जाने वाले हो सके तो लौट कर आना। शमशाबाद विधायक राजश्री सिंह और उनके पति पूर्व विधायक रूद्रप्रताप सिंह के साथ पूर्व मंत्री के निवास पर पहुंची। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीकांत जी का जाना हमारे जिले और प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। उनके जैसा व्यक्तित्व और कर्मठ इंसान बहुत युगों में मिलता है। शमशाबाद के सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की ओर से मैं उनके चरणांें श्रद्धांजली अर्पित करती हूं। भोपाल मध्य विधानसभा के पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत जी का अचानक चले जाना प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र शर्मा ने पूर्व मंत्री को श्रद्धांजली व्यक्त करते हुए कहा कि लक्ष्मीकांत जी हिन्दुत्व के पुरोध होने के साथ ही सहदय थे। सबको यही लगता था कि वे हमारे अपने हैं। आज सशरीर हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका आशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहेगा। इस दौरान खुरई के पूर्व विधायक धरमूराय, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह, मप्र विधानसभा के पूर्व सचिव उमाशंकर रघुवंशी, सागर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, भिंड से आए पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कीर्ति सिंह चौहान, आष्टा के भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा, भोपाल के महाराणाप्रताप नगर मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कुलदीप खरे, विजयवर्गीय युवा मंडल भोपाल के अध्यक्ष मनीष विजयवर्गीय, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शुभम लखेरा, खेल प्रकोष्ठ भोपाल के अध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर तथा शमशाबाद मंडल अध्यक्ष राजकुमार कुशवाह ने भी पूर्व मंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।