Type Here to Get Search Results !

गंजबासोदा की घटना दुर्भाग्यपूर्ण – मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गंजबासोदा की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मृतकों के परिवारजन को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता तथा उनके नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था की जाएगी। घटना में अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं। उन्नीस लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। घायलों का इलाज विदिशा और गंजबासोदा के अस्पतालों में जारी है। राहत की बात है कि यह सभी लोग खतरे से बाहर हैं। विदिशा जिले के गंजबासोदा के ग्राम लाल पठार की घटना की उच्च-स्तरीय जाँच और पीड़ितों को हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रालय स्थित सिचुएशन रूम से गंजबासोदा के रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनीटरिंग की। राहत और बचाव कार्य में लगे जिला प्रशासन के अमले, एस.डी.आर.एफ., एन.डी.आर.एफ. की टीम, डॉक्टरों और ग्रामीणों से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्चुअली संवाद किया। सिचुएशन रूम में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी उपस्थित थे। घटना-स्थल से चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री श्री विश्वास सारंग ने राहत और बचाव कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। मंत्री श्री सारंग राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में कल रात से घटना-स्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन के लिए हाल ही में आरंभ हुए सिचुएशन रूम से मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा घटना की मॉनीटरिंग का यह पहला मौका है।