Type Here to Get Search Results !

पार्वती,कूनो और अहेली नदी उफान पर तीनों पुल डूबे, श्योपुर का शिवपुरी ,कोटा से संपर्क कटा

मालवा, राजस्थान में भीषण बारिश का दिखने लगा असर

ग्वालियर/श्योपुर। मालवा और राजस्थान के श्योपुर से सटे क्षेत्र में भीषण बारिश का नदियों पर असर दिखने लगा है। पार्वती, कूनो और अहेली नदी में बढ़ रहे निरंतर पानी का असर देखने को मिल रहा है। पार्वती नदी में उफान आने से खातोली पुल के ऊपर चार फीट पानी चल रहा है। यही स्थिति अहेली नदी के पुल की हो रही है। श्योपुर-शिवपुरी हाईवे की रोड कूनो नदी में आए तेज बहाव के कारण कट गई और संपर्क टूट गया । 

अहेली नदी में पानी के उफान को देखने जमा हुए स्थानीय लोग

श्योपुर में सबसे ज्यादा नुकसान राजस्थान से आई पार्वती नदी में उफान आने से दिखाई दे रहा है। खातोली पुल के ऊपर पानी आने से श्योपुर से राजस्थान के कोटा, बारां जिले का संपर्क टूट गया है। अहेली नदी का पुल भी डूब में आने से राजस्थान जाने वाला दूसरा मार्ग भी बंद हो गया। पार्वती नदी में उफान को देखने श्योपुर के कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव और एसपी संपत उपाध्याय भी पहुंचे और नदी के ऊपर कोई न निकले इसके लिए समीपवर्ती पुलिस थाना और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को ताकीद किया।

खातोली पर पार्वती नदी का पुल डूबा

सीप नदी में भी पानी उफान पर होने से आसपास के चरवाहे अपने मवेशियों के साथ पानी में घिर गए हैं। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस और होमगार्ड द्वारा रेस्क्यू चलाया जा रहा है।पानी का बहाव तेज होने से सीप नदी का जल स्तर श्योपुर किले के दरवाजे तक पहुंच गया है।

वनांचल में बहने वाली कूनो नदी भी अपने चरम पर है। इस नदी में बाढ़ आने से श्योपुर-शिवपुरी हाईवे की करीब पांच फीट तक रोड ही उखड़ गई। इससे आवागमन काफी प्रभावित हुआ है। नदी के तेज बहाव से घिरे ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस, होमगार्ड तथा राजस्व दल द्वारा रेस्क्यू चलाया गया है। हालांकि नदियों में तेज बहाव से अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ने जिलेभर के राजस्व अमले को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। राजस्थान के कोटा बैराज पर ड्यूटी दे रहे एमपी के इंजीनियर संदीप की नजर गांधीसागर बांध ( मंदसौर) पर लगी है। क्योंकि अगर वहां बांध फुल होने पर चंबल नदी में पानी छोड़ने की नौबत आएगी। श्योपुर एडीएम रूपेश उपाध्याय का कहना है कि श्योपुर से शिवपुरी, कोटा या अन्य कहीं जाने वाले मार्गों पर नजर रखने के लिए राजस्व अमले को अलर्ट किया है।