न्यूजीलैंड। इंडियन प्रीमियर लीग के फ्रेंचाइजियों के लिए राहत की खबर है। IPLफेज-2 के लिए न्यूजीलैंड के खिलाड़ी उपलब्ध रहेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने IPL में खेलने वाले सभी 7 खिलाड़ियों को बांग्लादेश और पाकिस्तान दौरे में आराम दिया है। हालांकि इन सभी खिलाड़ियों को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में यह उम्मीद की जा रही है कि ये सभी खिलाड़ी 19 सितंबर से यूएई में होने वाली IPLफेज-2 के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर भी IPL फेज-2 में खेल सकते हैं।
IPLके 14 वें सीजन को कोरोना मामले आने के बाद बीच में ही रोक दिया गया। अब IPLके बचे 31 मैच यूएई में 19 सिंतबर से 15 अक्टूबर के बीच खेले जाने हैं। IPL खत्म होने के बाद टी-20 वर्ल्ड कप ओमान और यूएई में ही खेला जाना है। न्यूजीलैंड टीम को वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश में 1 से 10 सितंबर के बीच 5 टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। जबकि, 17 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच न्यूजीलैंड टीम पाकिस्तान दौरे पर रहेगी। वहां पर न्यूजीलैंड टीम को पाकिस्तान के साथ 3 वनडे और 5 टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है।
