भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किये गये उत्पादों का देश-विदेश में विक्रय कराया जाएगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार अनेक योजनाएँ संचालित कर सहयोग कर रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यशाला में शामिल दीदियों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज अलीराजपुर जिले के जोबट में महिला सशक्तिकरण कार्यशाला और विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 70 करोड़ 30 लाख रूपये के 135 कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 29 करोड़ 60 लाख रूपये के 83 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं 40 करोड़ 69 लाख रूपये के 52 विकास कार्यों का लोकार्पण सम्मिलित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जोबट में नीट और जेईई परीक्षा के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी, जिससे स्थानीय बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सकें। इस संबंध में जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला सशक्तिकरण कार्यशाला में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने सुश्री गनबाई मौर्य, सुश्री ममताबाई, सुश्री रेलम बघेल, सुश्री शारदा चौहान से संवाद कर जाना कि उन्होंने किस प्रकार आजीविका मिशन के माध्यम से अपने एवं अपने समूह के विकास की गाथा लिखी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इन सफल उद्यमी महिलाओं को विश्वास दिलाया कि बायरा ब्राण्ड के उत्पाद को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जायेगी। मुख्यमंत्री ने बायरा ब्राण्ड बुक का विमोचन भी किया और इसकी हिन्दी प्रतियाँ भी बनाने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय स्तर पर अन्य महिलाएँ भी इसे पढ़कर अपने विकास की गाथा लिख सकें। उन्होंने उपस्थित अपर महिला समूहों से भी आव्हान किया कि वे भी आजीविका मिशन से जुड़कर अपना एवं क्षेत्र काविकास करें।
