Type Here to Get Search Results !

शासकीय सेवकों की पदोन्नति के लिये सरकार वचनबद्ध - मंत्री डॉ. मिश्रा

सभी पक्षों से मंत्री समूह करेगा चर्चा, बनी आम सहमति

भोपाल। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि शासकीय सेवकों की पदोन्नति के लिये सरकार वचनबद्ध है। डॉ. मिश्रा मध्यप्रदेश के शासकीय सेवकों को उनके सेवा काल में पात्रता अनुसार पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने के लिये गठित मंत्री समूह की बुधवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। 

मंत्री समूह ने सर्व-सम्मति से निर्णय लिया गया कि अगली बैठक के पहले अजाक्स, सपाक्स एवं अन्य पक्षों से चर्चा की जायेगी। बैठक में जल-संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, वन मंत्री डॉ. विजय शाह और सहकारिता मंत्री श्री अरविंद भदौरिया मौजूद थे। स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री इंदर सिंह परमार ऑनलाइन शामिल हुए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री विनोद कुमार ने लोक सेवा पदोन्नति नियम-2002 और नवीन पदोन्नति नियम-2021 में किये गये प्रावधानों के बारे में अवगत कराया। मंत्री समूह ने पदोन्नति नियमों से जुड़े समस्त वैधानिक एवं संवैधानिक पहलुओं पर‍ विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव जल-संसाधन श्री एस.एन. मिश्रा, अपर मुख्य सचिव श्री आई.सी.पी. केसरी और एडीजी श्री अशोक कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।