भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैं मुख्यमंत्री के रूप में नहीं आपके परिवार के सदस्य के रूप में यह आत्मीय अपील करने आया हूँ कि डेंगू के बारे में सतर्कता रखें, बचाव के उपाय अपनाते रहे। कोरोना का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करवाएँ। कोरोना की सावधानियों को अपनाना जारी रखें। राज्य सरकार और उसकी एजेंसियाँ निरंतर सक्रिय हैं। हमने प्रदेश में जैसे कोरोना का नियंत्रण किया है वैसे ही जनता के सहयोग से हम डेंगू को भी हराएँगे। डेंगू हारेगा मध्यप्रदेश जीतेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल के नेहरू नगर से राज्यव्यापी डेंगू महा-अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि “डेंगू से जंग-जनता के संग” का अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। हम सभी जगह डेंगू नियंत्रित करने में सफल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पलकमति परिसर पहुँचकर डेंगू जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परिसर में डेंगू नियंत्रण के लिए दवाई का स्प्रे किया, फागिंग मशीन भी उनके द्वारा चलाई गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परिसर में मौजूद लोगों को डेंगू बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। इस आशय के पेम्फलेट वितरित किए तथा परिसर में पोस्टर भी लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नेहरू नगर चौराहे के फाउंटेन पोन्ड में डेंगू पैदा करने वाले एडीज मच्छर के लार्वा को नष्ट करने वाली गम्बूसिया मछलियाँ डाली। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता सहित जन-प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
