भोपाल। सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री और रायसेन जिला प्रभारी डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने ’जनकल्याण और सुराज अभियान’ के तहत शुक्रवार 17 सितम्बर को रायसेन जिले के भोजपुर ग्राम के स्कूल परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा।
मंत्री डॉ. भदौरिया ने शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण करते हुए शिक्षकों तथा छात्रों से चर्चा की। उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरतने के लिए कहा। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने घर के सभी वयस्क सदस्यों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें।
मंत्री डॉ. भदौरिया ने भोजपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध शिव मंदिर पहुँचकर भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भोजपुर मंदिर प्रांगण में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। कलेक्टर श्री अरविंद कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक श्री विकास सहवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री पी. सी. शर्मा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भ्रमण के दौरान मंत्री डॉ. भदौरिया के साथ थे।
