भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता के सहयोग से हमने कोरोना संकट का सामना किया है। ऑक्सीजन आपूर्ति हो या दवाओं और इंजेक्शन की व्यवस्था, जन-सहयोग से हमने कठिनतम परिस्थितियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार मानते हुए कहा कि ऑक्सीजन की कमी के समय उन्होंने ऑक्सीजन रेल चला कर और खाली ऑक्सीजन टैंकरों का वायु सेना के विमानों से परिवहन कराते हुए ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रदेश में अनवरत जारी रखी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना के संकट में कई परिवारों ने अपने मुखिया को खोया है। राज्य सरकार ने ऐसे परिवारों की सहायता की हर संभव कोशिश की है। शासकीय कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। अनाथ हो गए बच्चों को भी आवश्यक आर्थिक सहायता के साथ उनकी पढ़ाई आदि की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान रायसेन जिले के बेगमगंज सिविल अस्पताल में जन-सहयोग से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का निवास से वर्चुअल लोकार्पण कर रहे थे। बेगमगंज सिविल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सांसद श्री रमाकांत भार्गव, विधायक तथा पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह भी उपस्थित थे।
रायसेन जिले के बेगमगंज के सिविल अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 100 एलपीएम है। इसके माध्यम से 15 बिस्तरों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति संभव होगी। ऑक्सीजन प्लांट की लागत लगभग 29 लाख रूपए है। इसके लिए 165 दानदाताओं द्वारा सहयोग राशि प्रदान की गई है।