देश में 100 करोड़ प्लस कोरोना वैक्सीन डोज़ लगने पर एनएचएम एमडी ने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से किया वर्चुअली संवाद
भोपाल। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने देश में वैक्सीन डोज का आंकड़ा 100 करोड़ के पार होने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार माना है। डॉ. चौधरी ने कहा कि देश के साथ कदम से कदम मिलाकर मध्यप्रदेश भी टीकाकरण की दिशा में लगातार अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के सफल नेतृत्व में 6 करोड़ 72 लाख से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने टीकाकरण में प्राप्त हुई महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी देश में कोरोना वैक्सीन के 100 करोड़ प्लस डोज़ लगने पर गुरूवार दोपहर को प्रदेश के सभी जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से वर्चुअली संवाद कर रहे थे। एन.एच.एम. मुख्यालय में आयोजित बैठक में एम.डी. एन.एच.एम. सुश्री प्रियंका दास ने भी स्वास्थ्य विभाग के जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। एम.डी. एन.एच.एम. ने कहा कि देश में कोरोना वैक्सीन के 100 करोड़ प्लस डोज़ लगाये गये हैं। इसमें मध्यप्रदेश में 6 करोड़ 72 लाख 43 हजार वैक्सीन डोज लगाये गये हैं। प्रदेश में 4 करोड़ 94 लाख 96 हजार 308 प्रथम डोज़ और एक करोड़ 77 लाख 46 हजार 695 को कोरोना वैक्सीन की द्वितीय डोज़ लगाई गई है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में सर्वाधिक एक करोड़ 70 लाख से अधिक वैक्सीन डोज़ लगाई गई। पिछले 3 माह वर्षाकाल के रहे हैं। वर्षाकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की मुश्किलों के बीच भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया है।