भोपाल। ‘‘आप सब म्हारा ऊपर विश्वास रांखो हंऊ छै तुम्हारा साथऽ उन बखत तुम्हारों मामों टंट्या मामों थों, नऽ अबऽ हंऊ तुम्हारों मामों शिवराज मामों छें। कई बात की चिंता मत करजो। ई यात्रा क्रांतिकारी जननायक टंट्या मामा की गौरव यात्रा छे। ऊ निमाड़ का गौरव आयऽ ऊ मध्य प्रदेश का गौरव आयऽ ऊ पूरा देश का गौरव आयऽ‘‘ क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा की गौरव यात्रा के शुभारंभ अवसर पर खंडवा जिले में जननायक टंट्या मामा की जन्म-स्थली बड़ौद अहीर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निमाड़ी में यह बात कही।
भारत माता एवं जननायक टंट्या मामा के जय-घोष के साथ प्रारंभ करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि जननायक टंट्या मामा पूरे देश के लिए वंदनीय एवं पूज्यनीय है। उन्होंने क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा का यशगान करते हुए कहा कि टंट्या मामा ने शोषण एवं अन्याय के विरूद्ध शंखनाद किया। उन्होंने अंग्रेजों से धन एवं अनाज को लूटकर भूखे एवं जरूरतमंदों के बीच में बाँटा। प्रदेश के इस महान क्रांतिकारी को हमारा नमन है। क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा के बलिदान दिवस को प्रदेश सरकार गौरव दिवस के रूप में मना रही है।