प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री ने जिले के प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और टीम को दी सफलता की बधाई।
रायसेन। रायसेन। वैक्सीनेशन के महाभियान में रायसेन जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। रायसेन जिले में लक्ष्य का 167 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया गया। प्रदेश से जिले को महाभियान के लिए 49600 डोज लगाने का लक्ष्य मिला था। कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की द्वितीय डोज लगाए जाने के लिए प्रदेश के साथ रायसेन जिले में वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया गया। जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में वैक्सीनेशन सेंटर्स पर प्रातः 08 बजे से वैक्सीनेशन कार्य प्रारंभ हो गया। जिले में 81 हजार 634 लोगों को कोविड वैक्सीन के डोज लगाए गए। जिसमे 5 हजार से अधिक लोगो ने पहला डोज और 76529 दूसरा डोज लगा है।कलेक्टर श्री अरविन्द कुमार दुबे स्वयं जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वैक्सीनेशन कार्य का जायजा लेते रहे। उन्होंने पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित मैदानी अमले से घर-घर दस्तक देकर लोगों से वैक्सीनेशन की जानकारी लेते हुए छूटे लोगों को सेंटर पर लाकर द्वितीय डोज लगवाने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराने के लिए महिला बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के मैदानी अमले द्वारा घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल देते हुए वैक्सीनेशन के लिए आमंत्रित किया गया। आंगनबाड़ी कायकर्ताओं, कोटवारों सहित पंचायत अमले द्वारा घर-घर दस्तक के दौरान द्वितीय डोज से शेष रह गए लोगों को समझाईश देते हुए वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश खत्री और उनकी टीम ने भी प्राप्त लक्ष्य को पार करने के लिए टीम लीडर कलेक्टर अरविंद दुवे की अगुआई में अनथक प्रयास करते हुए लक्ष्य की 167 प्रतिशत कामयाबी हासिल की। इसी के परिणाम स्वरूप महाअभियान में लोगों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए सेंटर्स पर पहुंचकर वैक्सीन की द्वितीय डोज लगवाई।
अरविंद कुमार दुबे, कलेक्टर रायसेन।