बैतूल। कोहरा और तेज रफ्तार के कारण हुए हादसे में चार की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल है । बैतूल - इंदौर नेशनल हाइवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया । चिचोली से 6 किलोमीटर दूर जोगली शुगर मिल के पास एक कार अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गई । इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गम्भीर हैं । दोनों घायलों को भोपाल रेफर किया गया है । बैतूल के तीन गांव भडूस , गोरेगांव और आमला के कुछ लोग हरदा जिले के टेमागांव शादी में गए थे । शादी से वापस आते समय बेतूल इंदौर नेशनल हाईवे पर जोगली गांव के पास इनकी कार पेड़ से टकरा गई । जिसमें झल्लार थाना क्षेत्र के गोरेगांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता राजकुमार चढोकार 38 साल और उनकी पत्नी शोभा शोभा चढोकार उम्र 35 साल । इसी क्षेत्र के आमला गांव निवासी अनिल और गोलू घोड़की उम्र 45 साल उनका बेटा निशांतु घोड़कज उम्र 23 साल की मौत हो गई है । घटना में अनिल घोड़की की पत्नी हेमलता घोड़की गंभीर रूप से घायल हैं । उनके अलावा दीक्षा कुंभारे उम्र 22 साल निवासी भडूस भी गंभीर रूप से घायल हैं दोनों को जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया है ।बताया जा रहा है कि अनिल और गोलू घोड़की बैतूल में मैकेनिक का कार्य करते थे कोठी बाजार क्षेत्र में उनका गैराज था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस एवं 108 की सहायता से कार में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया । एक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई । मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए है । घटना को लेकर चिचोली टीआई अजय सोनी का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना के जो कारण सामने आए हैं वह कार तेज रफ्तार से चलने और कोहरा होने के कारण पेड़ से टकराई है घटना की जांच की जा रही है ।
दर्दनाक हादसे में सबसे दुखद पहलू यह है कि पति और बेटे के बाद पत्नी की भी मौत हो गई । अब इस परिवार में कोई सदस्य नहीं बचा ।घटना के बारे में बताया जा रहा है कि हरदा जिले के टेमागांव में शादी समारोह में शामिल होकर आ रहे बैतूल के झल्लार थाना क्षेत्र के आमला गांव निवासी अनिल उर्फ गोलू घोड़की अपनी पत्नी हेमलता और बेटे निशांतु के अलावा गोरेगांव निवासी राजकुमार चढ़ोकार और उनकी पत्नी शोभा चढ़ोकार एवं भडूस निवासी दीक्षा कुंभारे के साथ बैतूल की ओर वापस आ रहे थे । लगभग 3 बजे नेशनल हाईवे के जोगली गांव के पास उनकी कार पेड़ से टकरा गई । जिसमें अनिल और उनके बेटे निशांतु , राजकुमार चढ़ोकार और उनकी पत्नी शोभा चढ़ोकार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी । घटना में घायल अनिल की पत्नी हेमलता को भोपाल रेफर किया गया था जहां उनकी मौत हो गई और दीक्षा का इलाज चल रहा है ।
कोई नहीं बचा परिवार में
अनिल घोड़की एक अच्छे मोटर मैकेनिक थे और आमला जैसे छोटे गांव से निकलकर उन्होंने बैतूल में लकी मोटर गैरेज के नाम से गैरेज खोला था और यहां मैकेनिक का काम करते थे । इसके बाद वे इंदौर शिफ्ट हो गए । जहां उन्होंने मैकेनिक वर्कशॉप खोल लिया था । यहीं पर उनकी पत्नी हेमलता और निशांतु भी उनके साथ रहते थे । इस दुर्घटना में तीनों का दुखद निधन हो गया । इसके 8-10 साल पहले उनके एक और बेटे डिक्की का भी निधन हो गया था । इस घटना में अनिल घोड़की के परिवार में अब कोई सदस्य नहीं बचा । उनके गांव आमला में मातम छाया हुआ है । अनिल के भांजे की थी शादी अनिल घोड़की के भांजे सोनू लोखंडे की शादी थी । सिरजगांव से टेमागांव बारात गई हुई थी । शादी के बाद अनिल अपने मामा के बेटे राजकुमार चढ़ोकार और उनकी पत्नी शोभा चढ़ोकार के अलावा एक अन्य रिश्तेदार के साथ वापस आ रहे थे । इस घटना में अनिल के मामा के लड़के राजकुमार चढ़ोकार और उनकी पत्नी शोभा चढ़ोकार की भी मौत हो गई ।
बैतूल में होगा तीनों का अंतिम संस्कार
इस दुखद घटना में अनिल घोड़की और उनकी पत्नी व बेटे की मौत से झल्लार आमला गांव में तो मातम है । पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अनिल और निशांतु के शव पोस्टमार्टम के बाद बैतूल रवाना हो गए हैं । भोपाल से हेमलता का शव आने के बाद बैतूल में ही तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा ।