कोलंबो। श्रीलंका बोर्ड अपने खिलाड़ियों के फिटनेस को लेकर बहुत ज्यादा सख्त हो गया है। नई गाइडलाइन के अनुसार अगर कोई खिलाड़ी यो-यो टेस्ट के दौरान 2 किलोमीटर दौड़ने के लिए 8.55 मिनट से अधिक समय लेता है तो उसका टीम में चयन नहीं होगा।
वहीं, अगर खिलाड़ी 8.35 से 8.55 मिनट के बीच 2 किलोमीटर की दौड़ पूरा करता है तो उसकी सैलरी कटेगी। हालांकि इन खिलाड़ियों का टीम में चयन हो सकता है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने यो-यो टेस्ट का भी यही पैमाना बनाया है। यो-यो टेस्ट में श्रीलंका के खिलाड़ियों को 2 किलोमीटर की रेस में भाग लेना होगा। पहला फिटनेस टेस्ट 7 जनवरी को होगा, जिसमें सभी खिलाड़ियों को हिस्सा लेना होगा। इसके अलावा महीने में कभी भी खिलाड़ियों की टेस्टिंग हो सकती है।
श्रीलंका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने को श्रीलंका का नया कंसल्टेंट कोच नियुक्त किया गया है। वह 2022 में एक साल के लिए टीम से जुड़े रहेंगे। जयवर्धने के आने के बाद टीम में और भी बदलाव हो सकते हैं। महेला ने अपनी कोचिंग में IPL में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने मुंबई इंडियंस की टीम को चैंपियन भी बनाया है। ऐसे में श्रीलंका की टीम के साथ उनके जुड़ने से टीम को काफी फायदा होगा।