Type Here to Get Search Results !

प्रभावित किसानों को संकट के पार निकालेंगे : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित हुए किसानों को इस दुख की घड़ी में संकट के पार निकालेंगे। फसलों को हुए नुकसान की राहत राशि एवं बीमा राशि का किसानों को शीघ्र भुगतान करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शुक्रवार को अशोकनगर जिले की तहसील मुंगावली के ग्राम बजावन में  प्रभावित फसलों का निरीक्षण कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों के दुख दर्द में शामिल होने के लिए ग्राम बजावन में आया हूँ। मैं किसानों की परेशानी को भली भांति जानता हूँ। किसान अपने पसीने से फसलों को सींचता है, तभी अन्न का दाना मिल पाता है। इसी बीच यदि फसलों पर प्राकृतिक आपदा का कहर बरसता है तो फसलें चौपट हो जाती हैं। इससे किसानों के सपने चकनाचूर हो जाते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि फसलों को जो नुकसान पहुँचा है, उसकी भरपाई राहत राशि तथा बीमा राशि दिलाकर पूरी की जाएगी। उन्होंने कमिश्नर एवं कलेक्टर को निर्देश दिये कि फसलों के नुकसान के सर्वे का कार्य 18 जनवरी तक पूर्ण कराया जाए। सर्वे का कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ हो। सर्वे उपरांत सूची पंचायतों में लगाई जाए, जिससे संबंधित किसान भी अवगत हो सकें। यदि किसी को आपत्ति हो तो उसका निराकरण किया जा सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिन किसानों का 50 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान हुआ है, उन किसानों को 30 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर राहत राशि दिलाई जाएगी। साथ ही फसल बीमा में फसलों को नुकसान हुआ है उसमें 25 प्रतिशत एडवांस राशि तथा शेष 75 प्रतिशत राशि फसल आकलन के उपरांत दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने स्वयं खेतों में जाकर फसल नुकसानी का जायजा लिया है।