भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज देश में वैक्सीनेशन कार्य के सफल एक वर्ष पूर्ण होने पर जयप्रकाश (जे.पी.) अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने वैक्सीन लगवाने के कार्य का जायजा लिया और टीकाकरण कराने आये फ्रंटलाइन वर्कर्स का उत्साहवर्द्धन किया। उल्लेखनीय है कि गत 16 जनवरी 2021 को भारत में वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। जे.पी. अस्पताल के कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में ऐतिहासिक दिन है। कोरोना नियंत्रण के लिये शुरू किये गये वैक्सीनेशन को एक वर्ष हो गया है। मार्च 2020 में कोरोना ने दस्तक दी थी। इसके अगले माह ही प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत में कोरोना से बचाव केलिए वैक्सीन के निर्माण की पहल कर दी थी। उन्होंने अप्रैल 2020 में टास्क फोर्स का गठन किया था। स्वदेशी टीका बनने के बाद जनवरी 2021 से सभी पात्र लोगों को टीका लगना प्रारंभ हो गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पहले भी महामारी आती थी। अन्य देशों में बनी वैक्सीन का ही सहारा होता था। दूसरे देशों में निर्मित वैक्सीन पर भारत को निर्भर रहना पड़ता था। बहुत कम अवधि में भारत में वैक्सीन के निर्माण और उसके उपयोग का कार्य प्रारंभ हुआ। वैक्सीनेशन हो जाने से तीसरी लहर में नागरिकों को अधिक चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। भले ही यह संक्रमण आक्रमक नहीं लेकिन हमें पूरी सावधानियाँ रखना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया कि उन्होंने नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, समस्त डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को धन्यवाद देते हुए कल्याणकारी भूमिका के लिए बधाई दी।