Type Here to Get Search Results !

प्रदेश में गरीब, बेसहारा और बेघरबारों को भी मिली नि:शुल्क खाद्यान्न पर्ची - खाद्य मंत्री सिंह

भोपाल। शासन द्वारा नि:शुल्क राशन वितरण योजना के तहत वितरित की गई खाद्यान्न पर्ची के दायरे को और अधिक लचीला किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की मंशा के अनुसार शासन द्वारा प्रदेश के गरीब, बेघर, बेसहारा ऐसे लोग, जिनकी आय का कोई स्रोत नहीं है, को भी नि:शुल्क खाद्यान्न पर्ची वितरण के लिये स्वीकृति दी गई है। गुरुवार को धार जिले की कड़वी बाई पत्नी श्री कन्हैया लाल को नि:शुल्क खाद्यान्न पर्ची जारी की गई।

खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव श्री फैज अहमद किदवई ने बताया कि सतना को छोड़कर प्रदेश के शेष जिलों में सर्वे कराया गया था। सर्वे में 10 हजार 840 लोग इस श्रेणी के पाये गये हैं। इसके लिये 4098 स्थानों पर कैम्प लगाये गये। लगभग 4 हजार सर्वेक्षण दल गठित किये गये। इसमें 5143 परिवारों का सर्वे कराया गया था। सर्वे में जबलपुर में सर्वाधिक 518 परिवारों के 2677 सदस्यों को पर्ची वितरित की जायेंगी।