मुंबई। कंगना रनोट का शो लॉक अप स्ट्रीम होने से पहले ही विवादों में आ गया है। हैदराबाद की सिटी सिविल कोर्ट ने कंगना के शो पर एक स्टे-ऑर्डर जारी किया है। दरअसल लॉक अप पर कॉपीराइट का उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है। इसी के चलते कोर्ट ने जांच के आदेश देते हुए स्टे लगा दिया है।
शो को लेकर सनोबर बेग ने याचिका लगाई थी, कि लॉक अप नाम से जो शो एकता कपूर ने बनाया है उसके कॉपीराइट उनकी कंपनी प्राइड मीडिया के पास हैं। सुनवाई के वक्त कोर्ट ने एकता के शो की सारी वीडियो क्लिप, ट्रेलर और टीजर को रिकॉर्ड में लिया और जांचा। जिसके बाद बाद कोर्ट ने शो की स्ट्रीमिंग पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए हैं।
सनोबर बेग ने कहा, इस कहानी को शांतनु रे और शीर्षक आनंद ने लिखा था। इसो 7 मार्च 2018 को कॉपीराइट एक्ट के तहत रजिस्टर्ड भी करवाया गया था। लेकिन मैंने जब शो का प्रोमो देखा तो सदमें में आ गया। यह शो न केवल हमारे कॉन्सेप्ट से मिलता-जुलता है बल्कि इसकी पूरी कॉपी है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा था कि कोई इस हद तक साहित्यिक चोरी कर सकता है। हमने कॉपीराइट के उल्लंघन के लिए अदालत से प्रार्थना की है और हमें स्टे ऑर्डर मिल गया है।"