भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज देवास जिले में खातेगांव तहसील के ग्राम करोंदमाफी में करुणाधाम आश्रम में मां नर्मदा] श्री हनुमान जी महाराज] करुणाधाम आश्रम के पितृपुरुष ब्रह्मलीन बड़े गुरुदेव और शक्ति स्वरूपा माता जी के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सपत्नीक शामिल हुए और विधि-विधान से पूजा- अर्चना की। समारोह में समाजसेवियों] प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों और भूमि दान करने वालों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आश्रम परिसर में स्थित गोशाला का भ्रमण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मैं यहाँ सिद्ध स्थान पर आया हूँ। यहाँ परिक्रमावासियों को आश्रय तो मिलेगा ही साथ ही धार्मिक आयोजन भी होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हम सब प्रण करें कि कोई न कोई सेवा का कार्य जरूर करें। सेवा छोटी हो या बड़ी हो इसका महत्व नहीं है, जो भी करें हृदय से करें। माँ नर्मदा की कृपा हम सब पर बनी है। यहाँ से माँ नर्मदा को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे जीवन सफल हो गया हो।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। इससे किसी का उद्धार नहीं हुआ है। हमने नर्मदा किनारे की शराब दुकानें बंद कराई है। शराब को सरकार बढ़ावा नहीं देगी। जनता के साथ मिलकर नशा मुक्ति अभियान चलाएगी। यहाँ से हम सब नशा मुक्ति का संकल्प ले और नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उपस्थित जन को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गाँव को साफ रखना है तो ग्रामवासियों को हाथ बढ़ाना होगा। सरकार यह कार्य अकेले नहीं कर सकती। किसान भाई नरवाई नहीं जलाए। नरवाई के साथ बहुत से जीव-जंतु नष्ट होते हैं। मिट्टी की उत्पादन क्षमता भी कम होती है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्टिलाइजर खेती जमीन को 50 सालों में बंजर कर देगी। जहरीली खेती से बचने के लिए किसान प्राकृतिक खेती अपनाएँ। प्राकृतिक खेती में पानी भी कम लगता है। इसमें फर्टिलाइजर खाद की आवश्यकता नहीं होती है। किसान भाई शुरूआत में प्रयोग के तौर एक एकड़ या आधा एकड़ में प्राकृतिक खेती शुरू कर सकते हैं। इसके बाद लाभ मिलने पर खेती का रकबा बढ़ाया जा सकता है।
