भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से आज पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री को प्रदेश के विकास और जन-कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी दी और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि आगामी प्रवासी भारतीय दिवस 9 जनवरी 2023 को मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में आयोजित किया जाय। प्रवासी भारतीय दिवस से संयोजित करते हुए इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन 4, 5 और 6 नवम्बर के स्थान पर 7 और 8 जनवरी 2023 को किये जाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उज्जैन के महाकाल महाराज क्षेत्र विस्तार योजना के लोकार्पण का निमंत्रण भी दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी से मई माह में मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति के वर्चुअल शुभारंभ का अनुरोध भी किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश में अमृत सरोवर योजना की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में 75 अमृत सरोवर संरचनाओं का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार प्रदेश में लगभग 3800 अमृत सरोवर संरचनाओं का निर्माण जन-भागीदारी से पूरा किया जायेगा। आगामी 15 अगस्त को इन जल संरचनाओं के निकट ध्वजारोहण भी किया जायेगा।
प्रधानमंत्री को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के विश्व विख्यात शरबती और दुरूम गेहूँ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश का 2 लाख 40 हजार टन गेहूँ निर्यात हो चुका है। अभी 20 लाख मीट्रिक टन गेहूँ के निर्यात की और संभावना है। मिस्र के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश के गेहूँ के आयात की इच्छा व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने निर्यात नीति में प्रदेश द्वारा निर्यातकों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। कृषि विविधीकरण नीति के बारे में अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री को बताया कि प्रदेश में तिलहन और नगदी फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे खाद्य तेल के आयात में कमी कर विदेशी मुद्रा बचायी जा सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की इथेनॉल नीति की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया कि अब तक 50 करोड़ लीटर इथेनॉल उत्पादन के स्वीकृति-पत्र जारी किये जा चुके हैं।
