मंत्री श्री देवड़ा आज वित्त विभाग द्वारा पचमढ़ी में वित्तीय कार्यप्रणाली के सुद्दढ़ीकरण एवं नियमों के सरलीकरण हेतु कार्यशाला चिंतन 2022 को उज्जैन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा संबोधित कर रहे थे। चिंतन-2022 की कार्यशाला में अपर मुख्य सचिव वित्त डॉ. मनोज गोविल, सचिव वित्त श्री अजीत कुमार, आयुक्त कोष एवं लेखा श्री ज्ञानेश्वर बी पाटील, सचिव वित्त एवं संचालक बजट श्रीमती आइरिन सिंथिया सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के अनुसार राजस्व की प्राप्ति सुनिश्चित की गई है। कोविड की विषम परिस्थितियों में राज्यों की धीमी पड़ी अर्थ-व्यवस्था को गति प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा राज्यों में पूँजीगत व्ययों को बढ़ाने के लिए प्रारंभ की गई विशेष सहायता योजना में राज्य शासन द्वारा उक्त योजना भाग-2 में प्रदेश ने 973.5 करोड़ रूपये का प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित कर स्वीकृति प्राप्त की गई। इस योजना के भाग-3 में लोक परिसंपत्ति के निर्वर्तन एवं विनिवेश संबंधी अन्य कार्यों के फलस्वरूप राज्य का 538.86 करोड़ रूपये का अतिरिक्त ऋण भारत सरकार द्वारा स्वीकृत किया गया। इस प्रकार पूँजीगत कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 1512.36 करोड़ रूपये का 50 वर्ष का ब्याज रहित ऋण प्राप्त हुआ, जो लगभग अनुदान के समान है।
