नई दिल्ली। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 211 रन बनाए। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस फॉर्मेट में भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। पिछला रिकॉर्ड 203/5 का था। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 81 रन बना लिए हैं। रेसी वेन डर डुसेन और डेविड मिलर क्रीज पर मौजूद हैं।
हार्दिक पंड्या के पांचवें ओवर में प्रिटोरियस ने तीन छक्के लगाए और ओवर से 18 रन बनाए। इसके बाद अगली ही ओवर में उन्हें हर्षल पटेल ने क्लीन बोल्ड कर दिया। प्रिटोरियस के बल्ले से 13 गेंद में 29 रन निकले। इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 1 चौका जड़ा।
साउथ अफ्रीका को पहला झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। मैच के तीसरे ओवर में भुवी की इनस्विंगर को साउथ अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा समझ ही नहीं पाए और ऋषभ पंत को कैच दे बैठे। पहाड़ जैसे स्कोर का पीछा कर रही साउथ अफ्रीका को एक अच्छी शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन उन्हें वो नहीं मिल पाई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 36 और कप्तान ऋषभ पंत ने 29 रनों की पारी खेली।
