Type Here to Get Search Results !

मध्य प्रदेश की सभी बैंकों में मांग पत्र पहनकर बैंक कर्मियों ने आक्रोश व्यक्त किया

27 जून को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल

भोपाल। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस,जो कि बैंकिंग उद्योग के शत प्रतिशत बैंक कर्मचारी- अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करता है,के आह्वान पर देशभर के दस लाख से ज्यादा बैंक कर्मी भारतीय बैंक संघ से अपनी जायज मांगों के शीघ्र निराकरण को लेकर आंदोलित एवं आक्रोशित हैं। उनकी मांग है कि - पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की शुरुआत  करो, पेंशन अपडेशन  करो, राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) को समाप्त कर डी ए लिंक्ड पुरानी पेंशन योजना बहाल करो,शेष लंबित मुद्दों का निराकरण  करो, कैथोलिक सीरियन बैंक एवं डीबीएस बैंक (लक्ष्मी विलास बैंक) में वेतन संशोधन का विस्तार  करो आदि। इसी तारतम्य मैं राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश की सभी बैंकों के बैंक कर्मचारी एवं अधिकारियों ने मांग पत्र पहनकर अपनी अपनी शाखाओं एवं कार्यालयों में आक्रोश व्यक्त कर भारतीय बैंक संघ से मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। फोरम के पदाधिकारियों वी के शर्मा, संजीव सबलोक,अरुण भगोलीवाल, संजय कुदेशिया,डी के पौद्दार, नजीर कुरेशी, नलिन शर्मा,जे पी झवर, मदन जैन,  वी एस नेगी, सुनील सिंह,  आशीष तिवारी, गुणशेखरन, धर्मेद्र श्रीवास्तव, देवेंद्र खरे, दीपक शुक्ला, मिलिंद डेकाटे,भगवान स्वरूप कुशवाह,प्रवीण मेघानी, अशोक पंचोली, गोवर्धन मिश्रा, तपन व्यास आदि ने भारतीय बैंक संघ को आगाह किया कि यदि मांगों का निराकरण शीघ्र नहीं किया गया तो 27 जून 2022 को देशभर के 10 लाख बैंक कर्मचारी अधिकारी अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे। उन्होंने आज के बेज वियरिंग कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बैंक कर्मियों का क्रांतिकारी अभिवादन करते हुए उन से 27 जून की अखिल भारतीय बैंक हड़ताल को सफल बनाने की  अपील की।