Type Here to Get Search Results !

सांसद प्रज्ञा सिंह को मारने की धमकी देने वाला दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

हैदराबाद का रहने वाला है आरोपी, फ्लाईट इंटरचेंज के दौरान पकड़ाया

भोपाल। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को दुबई से फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को क्राइम ब्रांच ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हैदराबाद का रहने वाला है और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। दिल्ली से हैदराबाद के लिए फ्लाईट इंटरचेंज करने के दौरान इमिग्रेशन जांच में पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार पिछले महीने 18 जून की रात को सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय नंबर से वॉट्सएप पर कॉल आया था। कॉल उठाने पर फोन करने वाले ने कहा कि तीन दिन में तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। उसने खुद को इकबाल कासकर का आदमी बताया था। सांसद ने जब पूछा कि मेरी हत्या का कारण क्या है, तब उसने बोला कि मुझे सूचना देनी थी तो दे दी है। क्राइम ब्रांच की तकनीकी जांच में आए तथ्यों के आधार पर एक टीम गठित कर हैदराबाद भेजी गई। आरोपी की जानकारी के आधार पर लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। इसके बाद बीते दिन दिल्ली से हैदराबाद की फ्लाईट इंटरचेंज के दौरान इमिग्रेशन से जानकारी मिलने पर आरोपी को पकड़ने के बाद  दिल्ली से पूछताछ के लिए भोपाल लाया गया। आरोपी शेख नाजिर (21) निवासी हैदराबाद, दसवीं पास है और वह प्लंबिंग का कार्य करता है। पूछताछ में उसने सांसद को धमकी देना स्वीकार कर लिया है। 

इब्राहिम कासकर गु्रप का आदमी बताकर देता है धमकी

आरोपी शेख नाजिर दुबई में काम के सिलसिले में गया था। इस दौरान उसकी कुछ लोगों से सोशल मीडिया पर सांसद के चल रहे बयानों को लेकर चर्चा होने लगी। इससे गुस्सा  होकर नाजिर ने दुबई से ही इब्राहिम कासकर गु्रप का आदमी बताकर सांसद साध्वी प्रज्ञा को हत्या की धमकी दे डाली। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया। हालांकि, दुबई से भारत लौटते ही पकड़ा गया।  

मोबाइल नंबर के बाद पासपोर्ट का पता चला

डीसीपी क्राइम ब्रांच अमित कुमार सिंह ने बताया कि धमकी देने वाले के नंबर के कांट्रैक्ट हैदराबाद के निकले, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने हैदराबाद में छानबीन शुरू करके आरोपी के पासपोर्ट तक पता कर लिया। इसके बाद लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया, जिसके नतीजे में जैसे ही आरोपी दुबई से भारत आकर हैदराबाद की फ्लाइट पकड़ने वाला था, तभी उसको पकड़ लिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.