Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश में "हर घर तिरंगा" अभियान से जुड़ें सभी नागरिक : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव में हम वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने रक्त की अंतिम बूँद देकर आजादी दिलवाई। मध्यप्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान उमंग, उत्साह और जोर-शोर से क्रियान्वित होगा। अभियान में सभी नागरिकों को जुड़ना है। अभियान के लिए जन-जागरण के उद्देश्य से 4 अगस्त को मैं स्वयं तिरंगा खरीदने गया था। इस क्रम में आज भोपाल की बड़ी झील(भोजताल) में क्रूज में तिरंगा फहराकर आमजन से 13 से 15 अगस्त तक हर प्रतिष्ठान और घर में तिरंगा फहराने का आहवान कर रहा हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तिरंगा, देश की आन, बान और शान है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज शाम भोपाल के भोजताल में क्रूज की यात्रा करते हुए कमला पार्क, शीतल दास की बगिया, राजाभोज प्रतिमा के निकट वीआईपी मार्ग पर एकत्र नागरिकों और विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राष्ट्र-भक्ति गीतों की प्रस्तुति के साथ बारिश की परवाह न करते हुए संबोधन दिया। गायिका आकृति मेहरा, पुलिस बैंड दल और नागरिकों ने राष्ट्र-भक्ति के गीतों को स्वर दिया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 15 अगस्त को देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रत्येक देशवासी से घर-घर तिरंगा लगाने का आहवान किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी साख बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृत महोत्सव को गरिमामय स्वरूप देने के लिए राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा” अभियान के संचालन का निर्णय लिया है। इस अभियान से मध्यप्रदेश के नागरिक भावनात्मक रूप से जुड़ चुके हैं। वे राष्ट्र-भक्ति की भावना को हृदय में भरकर नागरिक कर्त्तव्य का पालन कर रहे हैं। कहा भी गया है “झंडा ऊँचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा”। हमारा तिरंगा हमारी शान है। हम शहीदों को याद कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने अपनी जवानी ही नहीं पूरी जिंदगी न्यौछावर कर दी। शहीदों ने भारत भूमि को अपने रक्त के रंग से भर दिया। भारत स्वतंत्र हुआ। हम उन शहीदों को याद करते हुए उनके सपनों के अनुरूप भारत को प्रगति के पथ पर बढ़ा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.