Type Here to Get Search Results !

शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान

नई तकनीक से शिक्षक और शिक्षार्थी दोनों का दायित्व वर्तमान परिवेश में बढ़ गया है :  रामपाल सिंह

बेगमगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद एवं जनपद पंचायत के संयुक्त तत्वधान में ज्योति गार्डन में आज शिक्षक दिवस पर इस वर्ष एवं पूर्व में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का मंच पर मुख्य अतिथि विधायक रामपाल सिंह नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोसी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मेहरबान सिंह लोधी ने शॉल श्रीफल, पुष्पमालाओं से सम्मान किया।

वर्तमान वर्ष में होने वाले ऐसे शिक्षकों में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रदीप सोनी शून्य ,घासीराम राज  , मुकेश नापित , बद्री प्रसाद रैकवार , कृष्ण कुमार शर्मा ,  रामाधार रैकवार ,  नंदलाल सिंह , रघुवीर प्रसाद शर्मा ,  ग्याप्रसाद चढ़ार , प्राण सिंह ठाकुर ,  अरविंद चतुर्वेदी , अवध नारायण साहू , ओमप्रकाश शर्मा , अनरथ सिंह ,  मदन रजक ,सत्यनारायण शर्मा , मोहन लाल रजक  ,मुंशी लाल विश्वकर्मा , रमेश कुमार शिल्पकार  , नत्थू लाल श्रीमाली इत्यादि शामिल है।

इसके अतिरिक्त पूर्व के वर्षों में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का भी अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल , पुष्पमालाओं से सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक श्री रामपाल सिंह ने वर्तमान परिवेश में नई पीढ़ी के लिए भावी शिक्षक और शिक्षा दोनों का दायित्व बढ़ने की बात करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी इतिहास के ऐसे मोड़ पर है यहां उसको नवाचार शिक्षा की जरूरत है । अब नवाचार का नायक बने शिक्षक क्योंकि सामाजिक दायित्व को नवाचार और नेतृत्व जिजीविषा से भरा शिक्षक ही पूरा कर सकता है। वही नवाचारों के साथ गुणवत्ता को विकसित करना होगा । राष्ट्र एवं समाज निर्माण में शिक्षा व्यवस्था का दारोमदार ऐसे शिक्षकों पर हो जोकि भविष्य में एक उन्नतशील और विकसित भारत को विश्व धरातल पर अग्रणी बना सके।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए शिक्षकों के सम्मान और उनके बढ़ाए गए मानदेय, बेटियों की शिक्षा और सुविधाओं सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में नई शिक्षा प्रणाली लागू किए जाने की प्रशंसा करते हुए बताया कि इससे निश्चित ही शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति आएगी ।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संदीप लोधी ने अपने संबोधन में शिक्षकों का शाब्दिक सम्मान करते हुए उनसे नगर विकास में सुझाव एवं सहयोग देने की अपील करते हुए आशीर्वाद मांगा। 

राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद प्रदीप सोनी शून्य द्वारा अपने उद्बोधन में अनुभवों को साझा करते हुए रेखांकित किया कि वर्तमान में तकनीकी परिवर्तनों के कारण ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शैक्षणिक गतिविधियां बढ़ने से शिक्षकों को और अधिक मेहनत करने की जरूरत है । नए-नए ज्ञान और कौशल प्राप्त करने की दिशा में उन्हें प्रयासरत होना होगा ताकि आगे की चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए विद्यार्थियों को तैयार किया जा सके। परिवर्तित विषय वस्तु के प्रति सचेत रहने के साथ अपने अध्ययन और अध्यापन में नवीन तत्व और सूचनाओं का समावेश उन्हें करना होगा। तभी शिक्षा प्रणाली सार्थक हो सकेगी।

इसके अतिरिक्त शिक्षाविद ऋषि राज शर्मा , विद्यानंद शर्मा , पं. राकेश भार्गव एवं कमल सिंह साहू ने भी अपने विचार रखें।

कार्यक्रम के पूर्व में विधायक श्री रामपाल सिंह नपा अध्यक्ष संदीप लोधी , उपाध्यक्ष सुदर्शन घोसी , जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर , उपाध्यक्ष प्रतिनिधि  मेहरबान सिंह , भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश लोधी , कमल सिंह साहू , जगन्नाथ यादव , सुरेश ताम्रकार भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती सविता भार्गव, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुश्री राजकुमारी शाक्या, सुश्री ज्योति श्रीवास्तव इत्यादि ने मां सरस्वती एवं पूर्व राष्ट्रपति सर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । सरस्वती बंदना एवं स्वागत गान  सरस्वती विद्या मंदिर व शासकीय कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया । मंचासीन अतिथियों का बीआरसी आलोक सिंह राजपूत , प्राचार्य आरजी कुर्मी एवं राधेश्याम लोधी सहित सभी बीएसी तथा तहसील के सभी हायर सेकेंडरी स्कूल एवं हाई स्कूल के प्राचार्यों द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सोनी शून्य एवं आभार प्रदर्शन प्राचार्य आरजी कुर्मी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री रामपाल सिंह ने मंच से घोषणा की कि बिजली के बढ़े हुए बिलों को लेकर विभाग में शिविर लगाया गया है । सभी उपभोक्ता अपने - अपने बढ़े हुए बिजली के बिल लेकर वहां पहुंचकर बिल कम कराएं । यदि कोई समस्या आए तो उन्हें बताएं। उक्त घोषणा का उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से स्वागत भी किया । इसके अतिरिक्त उन्होंने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर आए लोगों की समस्याओं को सुनने के पश्चात संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।