क्रासर-वकीलों ने बैठक कर आरोपी की सदस्यता समाप्त की
गंजबासौदा। न्यायालय परिसर में महिला के साथ अभद्रता करना एक वकील को भारी पड़ गया। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी वकील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि वकील उस महिला का केस लड़ रहा था और असन्तुष्ट होकर महिला ने वकील से केस फ़ाइल वापस मांग ली थी। तभी ये बबाल खड़ा हो गया।
न्यायालय परिसर में शुक्रवार को उस समय बबाल मच गया जब एक वकील अरविंद राणा एक पक्षकार महिला का हाथ पकडकर उससे अभद्रता और गाली गलौच करते नज़र आये। उस समय बीच बचाव करने आये अन्य वकीलों से भी वकील अरविंद राणा की तू तू में में हो गई। जिस कारण वकीलों ने आपात बैठक बुलाई और वकील अरविंद राणा की सदस्यता समाप्त कर दी। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई और मोके पर टीआई कुंवर सिंह मुकाती जांच पड़ताल के लिए पहुंच गए।
यह है मामला
बताया जाता है कि कई सालों से पक्षकार महिला का केस वकील अरविंद राणा लड़ रहे है। शुक्रवार को पक्षकार महिला ने जब दूसरे वकील को केस देने के लिए वकील अरविंद राणा से केस फ़ाइल वापस मांगी तो उसने 20 हज़ार रुपये चुकाने की बात कही। इस बीच जब पक्षकार महिला जाने लगी तो वकील अरविंद राणा ने उसका हाथ पकड़ लिया। इस बीच गाली गलौच और कहा सुनी भी हुई। इस पूरे मामले का वीडियो भी उसी समय किसी ने बना लिया और वायरल कर दिया। जो नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वकील पर मामला दर्ज
पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद फरियादिया महिला की रिपोर्ट पर आरोपी वकील अरविंद राणा के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 384, 506, 354 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।