भोपाल। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि मध्यप्रदेश में स्मार्ट पुलिसिंग के लिये निरंतर कार्य किया जा रहा है। जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पुलिस को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस किया जा रहा है। मध्यप्रदेश पुलिस "हैकाथॉन-2022" से इसमें और मदद मिलेगी। मंत्री डॉ. मिश्रा जेएनसीटी कॉलेज के साथ मध्यप्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में "हैकाथॉन-2022" के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि टेक्नोलॉजी ने हमारे जीवन को आसान बनाने के साथ पुलिस की चुनौतियों को भी बढ़ाया है। एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति श्री जे.एन. चौकसे ने मध्यप्रदेश पुलिस का हैकाथॉन में जेएनसीटी कॉलेज को सहभागी बनाने पर आभार व्यक्त किया। एडीजी श्री अशोक अवस्थी, जेएनसीटी ग्रुप ऑफ कॉलेज की अध्यक्ष श्रीमती पूनम चौकसे भी उपस्थित रहीं।
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में समाज की सुरक्षा से सम्बद्ध प्रौद्योगिकी समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस और जय नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी (जेएनसीटी) भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में "म.प्र. पुलिस हैकाथॉन-2022" का आयोजन हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि "हैकाथॉन-2022" में विभिन्न कॉलेज द्वारा तकनीक को और अधिक सुदृढ़ करने इनोवेटिव आइडियास पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किये गये हैं, जो कि भविष्य में लाभकारी साबित होंगे। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति प्राचीन काल से ही समृद्ध रही है। उन्होंने कहा कि नवाचार में अपने सांस्कृतिक ज्ञान को आधुनिक तकनीक के साथ मिश्रित करने पर और भी अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। मंत्री डॉ. मिश्रा ने विजेताओं और शुभकामनाएँ दीं।
