Type Here to Get Search Results !

डालसा ने लगाए विधिक जागरुकता के 6 शिविर, डोर टू डोर कैंपेन

स्कूलों से लेकर सड़क तक लोगोें को दे रहे विधि का ज्ञान

भोपाल। स्कूल, कॉलेज से लेकर ग्राम पंचायतों, दफ्तरों आदि में विधिक जागरुकता अभियान के तहत 6 शिविर लगाए जाकर विधिक अधिकारों एवं कर्त्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही डोर टू डोर कैंपेन भी चलाकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं से अवगत कराया गया।

इस बारे में डालसा सचिव एवं जिला न्यायाधीश एसपीएस बुंदेला ने बताया कि केंद्र और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर भोपाल में जिला विधिक प्राधिकरण ने प्रधान जिला न्यायाधीश  श्रीमती गिरिबाला सिंह के मार्गदर्शन में बुधवार को 6 जागरुकता शिविर लगाए। इनमें सरोजनी नायडू हायर सेकण्डरी स्कूल, बावड़िया कला, राजीव गांधी कॉलेज, त्रिलंगा मार्केट, जनपद पंचायत फंदा, केन्द्रीय जेल भोपाल के शिविरों में जानकारी दी गई। इनमें गरीबी उन्मूलन योजना, नालसा बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सहायता योजना, विधिक सहायता योजना, बालकों के संरक्षण संबंधी कानून, पॉक्सो एक्ट तथा मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, संविधान एवं विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विधिक सेवा

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एसपीएस बुंदेला ने शिविरों में संबोधित करते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक विधिक सेवा पहुंचनी चाहिए। आम लोगों को विधिक ज्ञान के लिए शिविरों में विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया और समस्याओं के समाधान के बारे में मार्गदर्शन किया गया।